एंटरटेनमेंट की दुनिया में शोक की लहर: दिग्गज अभिनेता पंकज धीर का निधन, हेमा मालिनी ने लिखा भावुक पोस्ट
नई दिल्ली: मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टीवी और फिल्म जगत के जाने-माने अभिनेता पंकज धीर का 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। 15 अक्टूबर 2025 को उनके जाने की खबर से पूरे इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।
‘महाभारत’ के ‘कर्ण’ को नम आंखों से दी विदाई
‘महाभारत’ में कर्ण के अपने यादगार किरदार से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले पंकज धीर लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और आखिरकार जिंदगी की जंग हार गए। उनके निधन से न केवल मनोरंजन उद्योग, बल्कि उनके चाहने वाले भी गहरे सदमे में हैं।
सितारों का हुजूम, भावुक पल
पंकज धीर के अंतिम संस्कार में बॉलीवुड और टीवी जगत के कई बड़े सितारे पहुंचे, जिनमें सलमान खान, हेमा मालिनी, सिद्धार्थ मल्होत्रा, कुशल टंडन, पुनीत इस्सर, अर्जुन फिरोज खान, शहबाज खान और प्रदीप रावत जैसे नाम शामिल थे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
बेटे निकितिन धीर का दर्द, सलमान ने बंधाया ढांढस
एक बेहद भावुक पल तब देखने को मिला जब बेटे निकितिन धीर अपने पिता को मुखाग्नि देते हुए फूट-फूट कर रो पड़े। इस दौरान सलमान खान ने उन्हें संभाला और ढांढस बंधाया।
हेमा मालिनी का इमोशनल ट्रिब्यूट
हिंदी फिल्मों की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी ने अपने करीबी दोस्त पंकज धीर के निधन पर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दो तस्वीरें साझा करते हुए एक मार्मिक पोस्ट लिखा है। उन्होंने लिखा, “आज मैंने एक बहुत प्यारे दोस्त को खो दिया है और मैं बेहद टूट गई हूं। पंकज धीर, जो हमेशा स्नेही, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली रहे, उन्होंने ‘महाभारत’ में कर्ण की भूमिका से दर्शकों का दिल जीता था। जीवन से भरपूर इस इंसान का यूं जाना असहनीय है।”
हेमा मालिनी ने आगे लिखा, “कैंसर से पंकज धीर ने बहादुरी से लड़ाई लड़ी, हमेशा जीतने का जज्बा रखा। मेरे लिए वह बेहद मददगार और प्रेरणास्रोत रहे। हर मुश्किल वक्त में उन्होंने मेरा साथ दिया। उनकी मौजूदगी और समर्थन की बहुत कमी खलेगी। अनीता जी, जो उनके जीवन की रोशनी थीं, इस मुश्किल वक्त में उन्हें शक्ति मिले, यही कामना है।”
पंकज धीर का एक्टिंग करियर
पंकज धीर अपने पीछे पत्नी अनीता धीर, बेटे निकितिन धीर, बहू कृतिका सेंगर और पोती देविका को छोड़ गए हैं। निकितिन खुद भी फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हैं और ‘रेडी’, ‘दबंग 2’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘हाउसफुल 5’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
अपने शानदार करियर में पंकज धीर ने टीवी और फिल्मों दोनों में यादगार भूमिकाएं निभाई थीं। बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण के रूप में उनकी परफॉर्मेंस ने उन्हें अमर कर दिया है। इसके अलावा, उन्होंने ‘सड़क’, ‘आशिक आवारा’, ‘बादशाह’, ‘देवों के देव महादेव’ और ‘चंद्रकांता’ जैसे कई लोकप्रिय प्रोजेक्ट्स में भी अपनी प्रतिभा का जादू बिखेरा था।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
