कुमार सानू पहुंचे लीगल पचड़े में, एक्स-वाइफ के आरोपों पर भेजा नोटिस
कुमार सानू: बीती चार दशकों से अपनी मखमली आवाज़ से लोगों को मंत्रमुग्ध करने वाले कुमार सानू, इन दिनों व्यक्तिगत कारणों से सुर्खियों में हैं। उन पर उनकी पूर्व पत्नी रीटा भट्टाचार्य ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें बेरहमी और गलत बर्ताव का ज़िक्र है। हाल ही में ‘फिल्म विंडो’ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि ‘उनकी तीसरी गर्भावस्था के दौरान कुमार सानू और उनके घरवालों ने उनके साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया था।’
उन्होंने बताया कि ‘वह समय बहुत कठिन था। मैं पहले से ही दो बच्चों को मुश्किल से पाल रही थी और जब मैं तीसरी बार गर्भवती हुई तो हमारा तलाक का केस फाइल हो चुका था। गायक के परिवार ने कहा था कि मेरे बच्चों को दूध देना बंद कर दो। मुझे यह बात दूधवाले ने ही बताई थी और ऐसी ही बातें उन्होंने मेरे डॉक्टर से भी कही थीं।’
रीटा ने सानू पर तलाक की कार्यवाही के दौरान उन्हें महज़ ₹100 देने का भी आरोप लगाया। रीटा ने कहा था कि ‘मैंने अपने सारे गहने बेच दिए थे। मैंने बहुत बुरा वक़्त देखा है, कैसे अपने बच्चों को पाला है, यह सिर्फ मैं ही जानती हूं।’ रीटा ने इशारों-इशारों में यह भी ज़ाहिर किया था कि वह सानू के कुछ करीबी रिश्तों के बारे में भी जानती थीं।
रीटा भट्टाचार्य को भेजा लीगल नोटिस (Kumar Sanu)
इतने लंबे अर्से बाद रीटा का यूं मीडिया के सामने आकर कुमार सानू के बारे में इस तरह की बातें कहना, गायक को लगातार लोगों के निशाने पर ला रहा है। हालांकि, उन्होंने इस पर खुलकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन उन्होंने रीटा भट्टाचार्य को एक लीगल नोटिस भेजा है। सानू की वकील सना रईस खान ने इस बारे में मीडिया को जानकारी दी है।
‘जो लोग इसे धंधा बनाते हैं, उन्हें सबक सिखाना ज़रूरी है’
सना ने कहा कि ‘किसी के परिवार की गरिमा को ठेस पहुंचाने का किसी को अधिकार नहीं है। जो लोग इसे धंधा बनाते हैं, उन्हें सबक सिखाना ज़रूरी है।’
‘गरिमा और विरासत को धूमिल नहीं कर सकते हैं’ (Kumar Sanu)
उन्होंने कहा कि ‘कुमार सानू बीते चार दशकों से अपनी आवाज़ के ज़रिए लोगों का मनोरंजन करते आए हैं। उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए कितनी मेहनत की है, यह जगज़ाहिर है। वे करोड़ों लोगों के दिलों में बसते हैं, लेकिन चोट पहुंचाने वाले झूठ पल भर के लिए शोर मचा सकते हैं, लेकिन किसी की गरिमा और विरासत को धूमिल नहीं कर सकते हैं।’ फिलहाल, इस लीगल नोटिस पर अभी तक रीटा भट्टाचार्य की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।
पहली शादी से कुमार सानू को तीन बच्चे
मालूम हो कि कुमार सानू की पहली शादी 1980 के दशक में रीटा भट्टाचार्य से हुई थी। इस शादी से कुमार सानू को तीन बच्चे – जिको, जस्सी और जान हैं। साल 1994 में उनका तलाक हो गया। अपनी शादी के दौरान, कुमार सानू अभिनेत्री कुनिका सदानंद के साथ छह साल तक रिश्ते में रहे थे, जिसका खुलासा खुद कुनिका ने ‘बिग बॉस’ में किया था।
साल 2001 में सलोनी भट्टाचार्य से की शादी
तलाक के बाद कुमार सानू ने साल 2001 में सलोनी भट्टाचार्य से शादी की, जिनसे उनकी दो बेटियां हैं: शैनन और एनाबेले। खास बात यह है कि कुमार सानू का नाम अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्री से भी जुड़ा था। कहा जाता है कि दोनों रिलेशनशिप में भी थे, हालांकि दोनों ने इस बारे में कभी भी खुलकर कुछ नहीं कहा।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
