ओरी की मुश्किलें बढ़ीं: 252 करोड़ के ड्रग्स मामले में पूछताछ के लिए तलब
मुंबई: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ओरी उर्फ ओरहान अवत्रामणि (Orhan Awatramani) की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मुंबई पुलिस ने उन्हें 252 करोड़ रुपये के एमडी (MD) ड्रग्स मामले में गिरफ्तार आरोपी सलीम शेख के बयान के आधार पर पूछताछ के लिए तलब किया है।
दाऊद इब्राहिम के भांजे से दोस्ती का दावा
यह बताया जा रहा है कि आरोपी सलीम शेख ने जांच के दौरान कई चौंकाने वाले दावे किए हैं, जिनमें ओरी का नाम भी सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, शेख ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि ओरी और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भांजे अलीशाह पारकर अच्छे दोस्त हैं।
सलीम शेख ने किया चौंकाने वाला खुलासा
सलीम शेख ने यह भी आरोप लगाया कि ओरी ड्रग्स लेता है और कई बार ड्रग पार्टियों में शामिल हुआ है। यही कारण है कि मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स यूनिट ने उन्हें घाटकोपर यूनिट में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराने के लिए समन भेजा है।
वहीं, इस मामले में ओरी के वकील ने पुलिस को बताया है कि ओरी फिलहाल इंडिया में उपलब्ध नहीं हैं और आगामी 25 नवंबर 2025 के बाद ही पूछताछ के लिए पेश हो पाएंगे। पुलिस इस अनुरोध पर विचार कर रही है। अभी तक उन्हें दूसरा समन जारी नहीं किया गया है।
बॉलीवुड और पॉलिटिक्स से जुड़े कई लोगों के नाम सामने
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े लोग (खरीददार और सप्लायर) एक-दूसरे से संपर्क में रहने के लिए Zeng, Signal, Trima, Instagram और FaceTime जैसे ऐप्स का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सलीम शेख ने बॉलीवुड और पॉलिटिक्स से जुड़े कई लोगों के नाम बताए हैं। ऐसे में इन सभी लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
सलीम शेख ने यह भी दावा किया था कि उसने कई सेलिब्रिटीज जैसे नोरा फतेही, श्रद्धा कपूर, सिद्धार्थ कपूर, जीशान सिद्दीकी, ओरी, अब्बास-मस्तान, के लिए देश और विदेश में ड्रग पार्टियों का आयोजन किया था। इन आरोपों के बाद इंडस्ट्री में हलचल बढ़ गई है।
नोरा फतेही ने दी सफाई
इस मामले में नोरा फतेही ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सफाई दी थी। उन्होंने लिखा था- "मैं पार्टियों में नहीं जाती। मैं लगातार काम कर रही हूं और मेरी कोई पर्सनल लाइफ नहीं है। मैं ऐसे लोगों के साथ खुद को नहीं जोड़ती। अगर छुट्टी लेती हूं तो दुबई वाले घर या अपने करीबी लोगों के साथ समय बिताती हूं। मेरा नाम आसान टारगेट है लेकिन अब मैं ये दोबारा नहीं होने दूंगी।"
कौन हैं ओरी उर्फ ओरहान अवत्रामणि और कितनी है कुल संपत्ति?
ओरी न तो किसी बिजनेस से जुड़े हैं, न ही फिल्मों से, लेकिन फिर भी वह हर बड़े बॉलीवुड स्टार के साथ दिखाई देते हैं। इवेंट्स, पार्टियों और अवॉर्ड शो में उनकी मौजूदगी सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा का विषय बनी रहती है।
ओरी की सक्सेस के पीछे उनकी मैनेजर और एक्ट्रेस किम शर्मा का बड़ा योगदान माना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओरी की कुल संपत्ति आज के समय में लगभग 10 करोड़ रुपये के आसपास है। हालांकि, उनकी संपत्ति की सटीक जानकारी किसी के पास नहीं है।
कैसे होती है ओरी की कमाई?
आपको बता दें कि ओरी ने एक पॉडकास्ट में अपनी इनकम के सोर्स खुद बताए थे। वह एक सेल्फी के लिए 20 लाख रुपये लेते हैं। वहीं, किसी इवेंट में शामिल होने के लिए वह 25 लाख रुपये तक वसूलते हैं।
पेड पार्टियों का आयोजन, ब्रांड एंडोर्समेंट और सोशल मीडिया प्रमोशन से वह अच्छी खासी कमाई करते हैं। जानकारी के अनुसार, साल 2017 में ओरी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) में स्पेशल प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम करते थे।
ओरी की लग्जीरियस लाइफस्टाइल
ओरी महंगी चीजों के शौकीन हैं। कुछ समय पहले ही वह 20 करोड़ रुपये की Bulgari Serpenti Mysteriosi हाई ज्वेलरी वॉच और 4.3 करोड़ रुपये का डायमंड नेकलेस पहने नजर आए थे। ओरी के पास हाई-फैशन कपड़ों, एक्सक्लूसिव ज्वेलरी और लग्जरी कारों का भी दमदार कलेक्शन है।
ड्रग्स केस में अगला कदम क्या होगा?
मुंबई पुलिस ओरी को आगामी 25 नवंबर 2025 के बाद पूछताछ के लिए बुला सकती है। साथ ही, जिन अन्य बड़े नामों का जिक्र आरोपी ने किया है, उनकी भी जल्द ही तलब होने की संभावना है। यह केस आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
