धनतेरस के मौके पर वाराणसी में मां अन्नपूर्णा देवी के मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। माता के दर्शन करने के लिए सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ पहुंच रही है। खास बात यह है कि मां अन्नपूर्णा के विशेष दर्शन साल में केवल पांच दिनों के लिए होते हैं और इसकी शुरुआत धनतेरस के दिन से होती है। यही वजह है कि इस खास मौके का इंतजार श्रद्धालुओं को पूरे साल रहता है।
मंदिर के कपाट खुलने से पहले ही गुरुवार देर रात से भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। शुक्रवार सुबह पांच बजे जैसे ही दर्शन शुरू हुए, मंदिर परिसर के बाहर माता के जयकारे गूंजने लगे। श्रद्धालुओं की कतार मंदिर के प्रवेश मार्ग के दोनों तरफ करीब एक किलोमीटर तक पहुंच गई। दर्शन के लिए लोगों को कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है।
भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। दूर दराज से काशी पहुंचे भक्तों का कहना है कि मां अन्नपूर्णा के दर्शन का यह मौका साल में एक बार मिलता है। इसलिए घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी उन्हें कोई परेशानी महसूस नहीं हो रही है।
इस विशेष दर्शन के दौरान भक्तों को मां के खजाने से सिक्के और प्रसाद भी दिए जा रहे हैं। इसे श्रद्धालु माता का आशीर्वाद मानते हैं। इसी वजह से धनतेरस पर अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग वाराणसी पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने मंदिर के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्य रास्ते के दोनों तरफ स्टील की बैरिकेडिंग लगाई गई है। इसके अलावा बल्लियों के जरिए भीड़ को अलग अलग हिस्सों में बांटा गया है ताकि दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
व्यवस्था के तहत हर 10 मिनट के अंतराल पर दोनों तरफ से सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को आगे जाने दिया जा रहा है। इससे मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर भीड़ का दबाव कम रखा जा रहा है। हजारों लोगों की मौजूदगी के बावजूद दर्शन व्यवस्था शांतिपूर्ण बनी हुई है।
धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा के कपाट खुलने के साथ ही काशी में त्योहार का उत्साह और बढ़ गया है। अगले पांच दिनों तक चलने वाले इस विशेष दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहने की उम्मीद है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
