जयपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर राजस्थान आ रहे हैं. पीएम मोदी की 28 फरवरी को प्रस्तावित अजमेर यात्रा को लेकर भजनलाल सरकार ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. प्रधानमंत्री की प्रस्तावित अजमेर यात्रा की तैयारियों को लेकर सीएम भजनलाल ने बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की.
बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को प्रस्तावित अजमेर यात्रा विकसित राजस्थान के संकल्प को मजबूत करेगी. इस दौरे के तहत प्रधानमंत्री राज्य की जनता को 23 हजार 500 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन करने का तोहफा देंगे और युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे.
सीएम भजनलाल ने अधिकारियों को कायद विश्राम स्थली पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां आपसी समन्वय से तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए. भजनलाल ने डोम, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने इस संबंध में निर्देश दिये कि संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ ये सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें. उन्होंने अधिकारियों से डीबीटी कार्यक्रम और प्रधानमंत्री के कर कमलों से लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों को दिए निर्देश
सीएम भजनलाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के इस अजमेर दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए अजमेर के सभी विभाग और जिला प्रशासन मिलकर काम करें. बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित मुख्यमंत्री कार्यालय, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन अजमेर के अधिकारी उपस्थित थे।
पीसी:डीआईपीआर.राजस्थान
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
