मनरेगा की ‘योजनाबद्ध हत्या’ या नया बदलाव? ‘जी राम जी’ विधेयक पर छिड़ा सियासी संग्राम
संसद से ‘जी राम जी’ विधेयक को हरी झंडी मिलते ही राजनीति के गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि यह सिर्फ नाम बदलना नहीं, बल्कि मनरेगा की “योजनाबद्ध हत्या” है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार इस योजना को खत्म कर रही है, तो दूसरी तरफ विदेशी धरती पर महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करना महज एक दिखावा है।
वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस नए कानून को राज्यों और गांवों के वजूद के खिलाफ बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अधिनियम को वापस लेने के लिए सरकार को विवश करने के उद्देश्य से जल्द ही एक ‘राष्ट्रव्यापी मोर्चा’ तैयार किया जाएगा। राहुल के अनुसार, यह कानून ग्रामीण भारत के अधिकारों पर प्रहार है।
गौरतलब है कि विपक्ष के भारी हंगामे के बीच बीते 18 दिसंबर को संसद ने ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक, 2025’ को मंजूरी दी थी। अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की आधिकारिक स्वीकृति के साथ ही इसने कानून का रूप ले लिया है। यह नया अधिनियम पिछले 20 वर्षों से ग्रामीण रोजगार की रीढ़ रहे मनरेगा (MGNREGA) की जगह लेगा।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
