MP News: मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र के अलहौवा गांव में ईद मिलादुन्नबी की तैयारियों के बीच कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना से हड़कंप मच गया। घटना में चार लोग झुलस गए, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायल को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तैयारी कर रहे लोगों पर पेट्रोल डालने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, 26 अगस्त को होने वाले ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर गांव में सजावट की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे गांव के ही निवासी राम रईस जायसवाल के वहां पहुंचने और मौजूद लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
चार लोग झुलसे, एक की हालत गंभीर
घटना में अजहरुद्दीन उर्फ राजू गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
उन्हें बचाने की कोशिश में मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अतीक अहमद भी झुलस गए। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल ने बताया- पेट्रोल डालकर माचिस जलाई
घायल अजहरुद्दीन का आरोप है कि वे दुकान के पास खड़े थे, तभी आरोपी ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी आरोपी से किसी तरह की दुश्मनी नहीं थी।
वहीं मौके पर मौजूद सद्दाम हुसैन के मुताबिक, गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली नहीं थी और अंधेरे के बीच कुछ लोग ईद मिलादुन्नबी की सजावट की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर बोतल में पेट्रोल लेकर पहुंचा और आग लगाने के बाद मौके से भाग गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पीछे की वजह, आरोपों की सच्चाई और आरोपी की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
