भारतीय क्रिकेट का स्वर्णिम वर्ष: 2025, जब दुनिया ने देखा टीम इंडिया का असली दम
जैसे-जैसे साल 2025 विदाई की ओर बढ़ रहा है, भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह एक ऐसे अध्याय के रूप में दर्ज हो चुका है जिसे सदियों तक याद रखा जाएगा। यह साल केवल पुरुष टीम की उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिला टीम और महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने भी मैदान पर वो करिश्मा कर दिखाया जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था।
चैंपियंस ट्रॉफी का खत्म हुआ लंबा इंतजार
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए 2025 वह साल साबित हुआ, जिसने एक दशक से ज्यादा पुराने सूखे को खत्म कर दिया। एमएस धोनी की कप्तानी में 2013 में मिली जीत के बाद, भारत को अपनी अगली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए 12 साल लंबा इंतजार करना पड़ा। 2017 के फाइनल में पाकिस्तान से मिली हार का जख्म भी अभी ताजा था, लेकिन 9 मार्च 2025 को रोहित शर्मा की सेना ने इतिहास बदल दिया। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी में खेले गए रोमांचक फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से मात देकर भारत ने एक बार फिर चैंपियंस ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया।
एशिया कप के फाइनल में पहली बार पाकिस्तान पस्त
एशियाई क्रिकेट के मंच पर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी का जलवा देखने को मिला। 28 सितंबर को दुबई में खेले गए टी20 फॉर्मेट के एशिया कप फाइनल में भारत का सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से था। यह एशिया कप के इतिहास का पहला मौका था जब दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने थीं। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर न केवल खिताब जीता, बल्कि करोड़ों फैंस को जश्न मनाने का ऐतिहासिक मौका भी दिया।
हरमनप्रीत की ‘विजई सेना’ ने जीता पहला विश्व कप
भारतीय महिला क्रिकेट के लिए 2 नवंबर 2025 की तारीख स्वर्ण अक्षरों में लिखी गई। नवी मुंबई के डॉ. डी. वाई. पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में 52 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ भारतीय महिलाओं ने अपना पहला विश्व कप खिताब जीतकर देश के क्रिकेट इतिहास में एक नया मील का पत्थर स्थापित कर दिया।
अंडर-19 बेटियों ने फिर लहराया तिरंगा
जूनियर स्तर पर भी भारत का दबदबा बरकरार रहा। भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने टी20 फॉर्मेट के विश्व कप में अपनी बादशाहत साबित की। फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी और विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की।
महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम का अभूतपूर्व गौरव
साल 2025 की सफलता की कहानी महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम के बिना अधूरी है। पहली बार आयोजित किए गए टी20 विश्व कप में भारतीय महिला ब्लाइंड टीम ने अपने अदम्य साहस का परिचय दिया। कोलंबो में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने नेपाल को 7 विकेट से रौंदकर खिताब जीता और यह साबित कर दिया कि प्रतिभा और जुनून के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
