बारिश से बाधित मैच में भारत का संघर्ष, ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों का दबदबा
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए आज का दिन कुछ खास नहीं रहा। लगातार हो रही बारिश ने खेल पर अपना असर डाला और 50 ओवरों का मैच घटकर 26 ओवरों का हो गया। इस छोटे से मुकाबले में टीम इंडिया 26 ओवरों में 9 विकेट खोकर महज 136 रन ही बना सकी।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में करीब सात महीने के लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रहे रोहित शर्मा और विराट कोहली, दोनों ही आज बल्ले से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए। रोहित शर्मा 14 गेंदों का सामना करते हुए 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, तो वहीं विराट कोहली तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए और 8 गेंदों पर बिना रन बनाए ही आउट हो गए।
टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में केएल राहुल और अक्षर पटेल की साझेदारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। केएल राहुल ने 31 गेंदों पर 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 38 रन बनाए, जबकि अक्षर पटेल ने 38 गेंदों पर 31 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इन दोनों की बदौलत ही टीम इंडिया 136 का आंकड़ा छू सकी। इसके अलावा श्रेयस अय्यर 11 और वाशिंगटन सुंदर 10 रन बनाकर आउट हुए। अंत में नितीश कुमार रेड्डी ने 11 गेंदों पर 2 छक्के जड़ते हुए नाबाद 19 रन बनाकर टीम को कुछ हद तक सहारा दिया।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा। मिचेल स्टार्क और नाथन एलिस ने एक-एक विकेट चटकाया, जबकि जोश हेजलवुड, मिचेल ओवेन और मैथ्यू कुन्हमैन ने 2-2 सफलताएं हासिल कर भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
