भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज़: टीम इंडिया का ऐलान, शुभमन गिल की कप्तानी, इन दिग्गजों को झटका!
नई दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की रोमांचक सीरीज़ के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी गई है। यह बहुप्रतीक्षित सीरीज़ 2 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू होगी। इस बार टीम की कमान युवा और प्रतिभाशाली शुभमन गिल के हाथों में सौंपी गई है। वहीं, चोटिल ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में, अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। चयनकर्ताओं ने इस बार कुछ नए चेहरों को मौका दिया है, तो वहीं कुछ ऐसे खिलाड़ियों को भी बाहर का रास्ता दिखाया है, जिन पर टीम में बने रहने का भरोसा था।
करुण नायर का पत्ता कटा
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में वापसी करने वाले करुण नायर को एक बार फिर टीम से बाहर कर दिया गया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज़ के लिए उनका चयन न होना, इंग्लैंड दौरे पर उनके प्रदर्शन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। पांच मैचों की उस टेस्ट सीरीज़ में करुण नायर सिर्फ 205 रन बना पाए थे, जिसमें उन्होंने चार मैचों की आठ पारियों में बल्ला चलाया। शायद यही वजह है कि चयनकर्ताओं ने उन्हें दोबारा मौका नहीं देने का फैसला किया है।
अर्शदीप सिंह को भी नहीं मिली जगह
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भी वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। वह इससे पहले इंग्लैंड में खेली गई टेस्ट सीरीज़ का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का अवसर नहीं मिला था। संभवतः इसी कारण से चयनकर्ताओं ने इस बार अर्शदीप को टीम से बाहर रखा है।
शार्दुल ठाकुर टीम से गायब
भारतीय टीम के भरोसेमंद ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को भी वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज़ में जगह नहीं मिली है। चयनकर्ताओं ने अनुभवी ठाकुर की जगह नितीश कुमार रेड्डी को प्राथमिकता दी है। रेड्डी के चोट से उबरने के बाद उन्हें टीम में शामिल करने का निर्णय लिया गया है, जबकि शार्दुल ठाकुर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में टीम का हिस्सा थे।
अभिमन्यु ईश्वरन की अनदेखी
लंबे समय से टीम इंडिया के साथ जुड़े रहने के बावजूद प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे अभिमन्यु ईश्वरन को अब टीम से ही ड्रॉप कर दिया गया है। ईश्वरन इंग्लैंड दौरे का हिस्सा थे, लेकिन अब भारत में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज़ के लिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है। गौरतलब है कि 104 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में ईश्वरन ने 7885 रन बनाए हैं।
सरफराज खान को फिर किया नजरअंदाज
पिछले लगभग एक साल से टीम इंडिया में वापसी के लिए कड़ा संघर्ष कर रहे युवा बल्लेबाज सरफराज खान को चयनकर्ताओं ने एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया है। सरफराज ने डोमेस्टिक क्रिकेट में रनों का अंबार लगाया हुआ है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद उन्हें मौका नहीं मिला है। बता दें कि हाल ही में उन्होंने अपने वजन पर भी काफी काम किया है।
टीम इंडिया:
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साईं सुदर्शन, वदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा (उप-कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, एन जगदीशन।
अन्य खबरें:
- क्रिस वोक्स के टेस्ट करियर का अंत! इंग्लैंड टीम मैनेजमेंट ने तेज गेंदबाज को लेकर किया बड़ा खुलासा
- सचिन और धोनी को पछाड़ विराट निकले आगे, कमाई के मामले में कोहली नहीं कोई तोड़
- फिटनेस पर ध्यान दे रहे रोहित शर्मा, हिटमैन ने 10000 ग्राम वजन घटाया, पहली तस्वीर आई सामने
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
