विराट कोहली बने ‘वर्चुअल गुरु’: नाथन मैकस्वीनी ने यूट्यूब पर किंग कोहली को देख सीखा स्पिन का तोड़, भारत में मचाया धमाल
ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के उभरते सितारे नाथन मैकस्वीनी ने भारत की टर्निंग पिचों पर अपनी सफलता का एक दिलचस्प राज खोला है। मैकस्वीनी ने स्वीकार किया कि भारत ‘ए’ के खिलाफ वनडे सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन के पीछे दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के वीडियो का बड़ा हाथ रहा। सीरीज में 194 रन ठोककर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ बनने वाले मैकस्वीनी ने यूट्यूब के जरिए कोहली की बल्लेबाजी की बारीकियों को समझा और उसे मैदान पर लागू किया।
भारत ‘ए’ ने हालांकि रविवार को सीरीज का आखिरी मैच 49 रनों से जीता, लेकिन शुरुआती दो मैच जीतकर ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी थी। 27 वर्षीय मैकस्वीनी ने इस जीत के बाद कहा, “एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के तौर पर जब आप भारत आते हैं, तो स्पिन गेंदबाजी आपके लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है। इसके लिए आपको कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। मैंने भारतीय दिग्गजों को खेलते हुए देखा ताकि यह समझ सकूं कि वे स्पिन का सामना कैसे करते हैं।”
मैकस्वीनी ने आगे बताया, “मैंने विशेष रूप से यूट्यूब पर विराट कोहली के वीडियो देखे ताकि उनकी तकनीक को समझ सकूं। उनके साथ ही मैंने स्टीव स्मिथ और उन अन्य ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के खेल का भी अध्ययन किया, जो भारत की परिस्थितियों में सफल रहे हैं। मुझे टीम विश्लेषकों से भी काफी अहम डेटा मिला। खुशी है कि मैं इन जानकारियों को अपनी रणनीति में उतारने और क्रीज पर सफल होने में कामयाब रहा।”
भारत में सीरीज जीत को एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए मैकस्वीनी ने कहा कि यहां की परिस्थितियों में खुद को ढालना उनके लिए एक बेहतरीन अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “नई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में क्रीज पर समय बिताना हमेशा सुखद होता है। किसी भी विदेशी टीम के लिए भारत में सीरीज जीतना आसान नहीं होता, क्योंकि यहां का मुकाबला बेहद कड़ा होता है। हमारी टीम ने सामूहिक रूप से शानदार प्रदर्शन किया, जिसके कारण यह जीत और भी खास हो गई है।”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
