दरभंगा बाल सुधार गृह में सनसनी: किशोर कैदी का शव संदिग्ध हालत में बरामद, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
दरभंगा: बिहार के दरभंगा में स्थित बाल सुधार गृह केंद्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किशोर कैदी का शव शौचालय में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के पैरा गांव निवासी सकल देवदास के पुत्र भरत दास के तौर पर हुई है। भरत को 31 अगस्त 2025 की रात मोहनपुर में हुई आगजनी और मोबाइल छिनतई के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद न्यायिक आदेश पर उसे सुधार गृह भेजा गया था।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
भरत की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम पसर गया। मृतक की चाची अनीता देवी ने सुधार गृह प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि “हत्या” बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस ने सिर्फ सिंहवाड़ा थाने आने को कहा था, और वहां पहुंचने पर ही उन्हें भरत की मौत की जानकारी मिली। अनीता देवी का दावा है कि भरत को झूठे केस में फंसाया गया था, क्योंकि उसने चोरी किया हुआ मोबाइल थाने में जमा करा दिया था। अब परिवार इस घटना की उच्च स्तरीय जांच और न्याय की मांग कर रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों का दौरा, जांच शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी, सदर SDM विकास कुमार, SDPO राजीव कुमार और लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार सहित कई आला अधिकारी बाल सुधार गृह पहुंचे। शव को तत्काल पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
किशोर भरत दास की संदिग्ध मौत ने एक बार फिर बाल सुधार गृहों की सुरक्षा और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि ऐसे सुधार गृह में, जो किशोरों के सुधार और सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, वहां एक किशोर की मौत कैसे हो सकती है? 31 अगस्त 2025 को हुई घटना में भरत दास को दो अन्य आरोपियों के साथ ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, और वह इसी मामले में न्यायिक हिरासत में था।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
