जयपुर. नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अब प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आज एक्स के माध्यम से कहा कि कोटपूतली के अजीतपुरा-कुजोता क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वाले ग्रामीणों पर खनन माफिया द्वारा की गई कथित अंधाधुंध फायरिंग सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि कानून व्यवस्था के लिए खुली चुनौती है.
जब ग्रामीण अपने जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से धरने पर बैठे थे, तब उन पर गोली चलाना बेहद शर्मनाक और भयावह है। इस घटना से पता चलता है कि अवैध खनन में शामिल तत्वों के हौंसले कितने बुलंद हो गये हैं और आम नागरिक खुद को कितना असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण के बिना इस तरह की घटना असंभव है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में सुरक्षा नहीं मिल सकती तो फिर कानून का डर किसको है? क्या सरकार और पुलिस का खनन माफियाओं से डर खत्म हो गया है? राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को इस घटना को बेहद गंभीरता से लेना चाहिए और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर अवैध खनन के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में कोई भी माफिया कानून को अपने हाथ में लेने की हिम्मत न कर सके.
अगर आज ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो यह न केवल अजीतपुरा-कुजोता बल्कि पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए खतरे की घंटी साबित होगी। मैं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पूछना चाहता हूं कि खनन माफिया निर्दोष ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग करके चले गए, आप ऐसे माफियाओं के खिलाफ कब कार्रवाई करेंगे? इस प्रकार की घटना राजस्थान में जंगलराज का प्रमाण है. मैं इस गोलीबारी की घटना में घायल हुए नागरिकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
PC:channel4newsindia
अपडेटेड खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
