वेनेजुएला में कुदरत का कोहराम: भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा 235 पहुंचा, मलबे के नीचे ‘जिंदगी’ की तलाश तेज
i
वेनेजुएला इस वक्त सदी की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा के जख्मों से जूझ रहा है। बुधवार शाम आए दो विनाशकारी भूकंपों ने जो तबाही मचाई, उसका मंजर अब और भी खौफनाक होता जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जान गंवाने वालों की संख्या तेजी से बढ़कर 235 हो गई है, जबकि शुरुआती रिपोर्ट में यह आंकड़ा महज 32 था। इस राष्ट्रीय संकट के बीच कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राहत, बचाव और पुनर्निर्माण के लिए ‘वॉर मोड’ में काम करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर जीवन को पटरी पर लाने की कोशिशों में जुटा है।
राहत और पुनर्वास के लिए सरकार के तीन बड़े प्रहार
नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने सरकार की रणनीति साझा करते हुए बताया कि कार्यवाहक राष्ट्रपति ने निजी कंपनियों को आदेश दिया है कि वे मलबा हटाने के लिए अपनी भारी मशीनें तत्काल मैदान में उतारें। साथ ही, पीड़ितों की मदद के लिए 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर का एक विशेष राहत कोष स्थापित किया गया है और प्रभावित कारोबारियों को फिर से पैरों पर खड़ा करने के लिए विशेष ऋण सुविधा का ऐलान किया गया है। विदेश मंत्री इवान गिल ने कहा कि दुनिया भर से मदद के हाथ बढ़ने लगे हैं और कम से कम एक दर्जन देश इस संकट की घड़ी में वेनेजुएला के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
एक मिनट के भीतर दो महा-झटके: 7.5 की तीव्रता ने मचाई तबाही
बुधवार का दिन वेनेजुएला के लिए किसी डरावने सपने जैसा था। महज 60 सेकंड के भीतर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने धरती को झकझोर कर रख दिया। जमीन से केवल 10 किलोमीटर की गहराई पर उठे इन झटकों ने उत्तर-मध्य राज्य ला गुएरा और काराकास महानगरीय क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। जॉर्ज रोड्रिगेज के मुताबिक, अब भी मलबे के नीचे करीब 200 जिंदगियां दबी होने की आशंका है, जिन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू टीमें समय के खिलाफ दौड़ लगा रही हैं। लगातार आ रहे आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) बचाव कार्य में चुनौती पेश कर रहे हैं।
दुनिया आई साथ: अमेरिका और मेक्सिको ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
वेनेजुएला में आई इस त्रासदी पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी गहरी संवेदना जताई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर इस आपदा को बेहद विनाशकारी बताते हुए कहा कि अमेरिका हर तरह की सहायता देने के लिए पूरी तरह तैयार है और सरकारी एजेंसियों को मुस्तैद रहने को कहा गया है। वहीं, मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने भी वेनेजुएला के साथ अपनी एकजुटता दोहराई है। उन्होंने बताया कि मेक्सिको की सरकार बचाव विशेषज्ञों और चिकित्सा टीमों को भेजने की तैयारी पूरी कर चुकी है, ताकि इस मुश्किल वक्त में वेनेजुएला की मदद की जा सके।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
