बिसलेरी का बड़ा दावा: पानी पूरी तरह सुरक्षित, एफएसएसएआई के मुकदमे के आदेश पर दी सफाई
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने का आदेश दिए जाने के एक दिन बाद कंपनी ने सोमवार को दावा किया कि उसका पैक्ड पेयजल पीने के लिए सुरक्षित है और वह इस मुद्दे के समाधान के लिए खाद्य नियामक के साथ सहयोग करेगी। यह स्पष्टीकरण एफएसएसएआई के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उसने कहा था कि पैक्ड पेयजल का नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद उसने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। बिसलेरी इंटरनेशनल ने एक बयान में कहा कि उसे एफएसएसएआई से कोई नोटिस नहीं मिला है।
कंपनी ने यह भी कहा कि एक रेफरल प्रयोगशाला की जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर पाई गई थी। कंपनी का यह बयान रविवार को एफएसएसएआई के उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आया है, जिसमें बताया गया था कि असुरक्षित पैक्ड पेयजल को लेकर कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है। बिसलेरी ने कहा कि यह मामला लगभग 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में उसके गोवा स्थित विनिर्माण संयंत्र में तैयार एक बैच से जुड़ा है।
गोवा संयंत्र कंपनी के नेटवर्क के 143 संयंत्रों में से एक है। एफएसएसएआई ने 30 सितंबर, 2025 को गोवा संयंत्र से छह नमूने लिए थे। शुरुआती जांच में पांच नमूने सभी लागू मानकों पर खरे उतरे।
कंपनी ने कहा, छठे नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया, जबकि इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। बिसलेरी की 22 नवंबर, 2025 की अपील के बाद एफएसएसएआई ने उस नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल प्रयोगशाला में भेजा था। बिसलेरी ने कहा, रेफरल प्रयोगशाला ने नमूने में ब्रोमेट को तय सीमा के भीतर पाया और अलग से नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी की बात कही।
दोनों जांच नतीजों के बीच के अंतर ने सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद बिसलेरी ने स्वतंत्र रूप से जांच के लिए नमूने को एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक प्रयोगशाला में भेजा। बिसलेरी ने कहा, उस जांच में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर पाया गया।
कंपनी ने दो फरवरी, 2026 को एक औपचारिक पत्र के साथ स्वतंत्र जांच के नतीजे एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिए। कंपनी ने कहा, उस पत्र के बाद हमें एफएसएसएआई से आगे कोई सूचना नहीं मिली और हमने मान लिया कि मामला बंद हो गया है। बिसलेरी ने कहा कि वह उचित नियामकीय प्रक्रिया के जरिये इस मामले को सुलझाने के लिए एफएसएसएआई के साथ सहयोग करना जारी रखेगी।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
