सितंबर का महीना: बेरोजगारी दर ने पकड़ी थोड़ी रफ्तार, 5.2% पर पहुंची
नई दिल्ली: सितंबर 2025 में, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए बेरोजगारी दर में थोड़ी वृद्धि देखी गई, जो 5.2 प्रतिशत पर पहुंच गई। यह जानकारी बुधवार को जारी एक सरकारी सर्वेक्षण से सामने आई है।
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MOSPI) के आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में यह दर 5.1 प्रतिशत थी, जबकि जुलाई में यह 5.2 प्रतिशत थी। इससे पहले मई और जून में बेरोजगारी दर 5.6 प्रतिशत दर्ज की गई थी।
अप्रैल 2025 की बात करें तो, प्रथम PLFS बुलेटिन के अनुसार, उस महीने बेरोजगारी दर 5.1 प्रतिशत थी।
एक आधिकारिक बयान में बताया गया है, “15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों में बेरोजगारी दर सितंबर 2025 में थोड़ी बढ़कर 5.2 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त 2025 में 5.1 प्रतिशत थी। इससे पहले लगातार दो महीनों तक इसमें गिरावट का रुख देखा गया था।”
वर्तमान साप्ताहिक स्थिति (CWS) के तहत जुटाए गए नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए सितंबर में बेरोजगारी दर 5.2 प्रतिशत पाई गई।
सर्वेक्षण के अनुसार, ग्रामीण इलाकों में 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों के बीच बेरोजगारी दर में वृद्धि हुई है। यह अगस्त 2025 के 4.3 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर 2025 में 4.6 प्रतिशत हो गई। शहरी क्षेत्रों में भी बेरोजगारी में मामूली इजाफा हुआ, जो अगस्त में 6.7 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर में 6.8 प्रतिशत हो गई।
सर्वेक्षण के मुताबिक, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की शहरी महिलाओं में बेरोजगारी दर सितंबर 2025 में बढ़कर 9.3 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त 2025 के दौरान 8.9 प्रतिशत थी।
ग्रामीण महिलाओं में बेरोजगारी बढ़ने के चलते, कुल मिलाकर महिलाओं की बेरोजगारी दर में भी वृद्धि दर्ज की गई। अगस्त 2025 में यह दर 5.2 प्रतिशत थी, जो सितंबर में बढ़कर 5.5 प्रतिशत हो गई।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
