बोतलबंद पानी पीने वालों की सेहत पर बड़ा एक्शन! FSSAI ने राज्यों को दिए सख्त निगरानी और जांच के निर्देश
खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारियों को बोतलबंद पेयजल क्षेत्र की कंपनियों की निगरानी बढ़ाने और गुणवत्ता में खामी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने इस सप्ताह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा आयुक्तों तथा अपने क्षेत्रीय निदेशकों को पत्र लिखकर नियमित निरीक्षण और जोखिम के आधार पर नमूनों की जांच बढ़ाने को कहा है।
नियामक ने अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। निरीक्षण, नमूनों और जांच रिपोर्ट का ब्योरा खाद्य सुरक्षा अनुपालन प्रणाली (फोसकोस) में दर्ज करने को भी कहा गया है। यह निर्देश पैकेज्ड पेयजल की गुणवत्ता में कथित खामियों को लेकर बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दिए जाने के कुछ दिन बाद आया है।
एफएसएसएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रजित पुनहानी ने बुधवार को कहा कि कंपनियों के खिलाफ नियामक की कार्रवाई का मकसद घबराहट फैलाना नहीं, बल्कि कानून का अनुपालन सुनिश्चित करना है। खाद्य नियामक ने रविवार को बताया था कि बिसलेरी के गोवा परिसर से लिए गए बोतलबंद पानी के एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी। बाद में संदर्भ प्रयोगशाला ने भी उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने के आधार पर उसे असुरक्षित घोषित किया था।
हालांकि, बिसलेरी ने सोमवार को कहा था कि उसका बोतलबंद पानी उपभोग के लिए सुरक्षित है और वह इस मामले में खाद्य नियामक के साथ सहयोग करेगी।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


