गोल्ड-सिल्वर प्राइसेस: अमेरिकी आंकड़ों और ब्याज दरों पर टिकी बाजार की नजर, क्या सस्ता होगा सोना?

By
Aware Media Network
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी...
- News Desk
5 Min Read
Gold Silver Price: अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों पर टिकी सर्राफा बाजार की चाल

चमकते बाजार के बीच अगले हफ्ते भी जारी रहेगा सोने-चांदी की चाल में रोमांच, अमेरिकी आंकड़ों पर टिकी हैं निवेशकों की निगाहें

सोने और चांदी की कीमतों में अगले सप्ताह उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। हाल में कीमतों में आई तेजी की आगे की दिशा अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और मौद्रिक नीति से जुड़े संकेतों पर निर्भर करेगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।

विश्लेषकों ने कहा कि भारत और अमेरिका जैसी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में विनिर्माण गतिविधियों, रोजगार के आंकड़ों, एडीपी की ओर से जारी निजी क्षेत्र के रोजगार आंकड़ों, सेवा क्षेत्र की गतिविधियों और नवंबर के गैर-कृषि रोजगार आंकड़ों पर बाजार की नजर रहेगी। ये सभी कारक सोने और चांदी की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। ब्रोकरेज मंच लेमॉन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा, हमें सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बने रहने की उम्मीद है।

हालांकि, कीमतों में सुधार का रुख थोड़ा सकारात्मक रह सकता है, लेकिन अमेरिका में मौद्रिक नीति और सख्त होने की आशंका से तेजी सीमित रह सकती है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें भी महत्वपूर्ण रहेंगी। इनमें लगातार बढ़ोतरी से महंगाई को लेकर चिंता फिर बढ़ सकती है और मौद्रिक नीति में और सख्ती की आशंका मजबूत हो सकती है।

गर्ग के मुताबिक, डॉलर की चाल, अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड पर प्रतिफल और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के संकेत तय करेंगे कि कीमतों में हालिया सुधार आगे मजबूत होगा या यह केवल अस्थायी तेजी साबित होगा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर में आपूर्ति वाले सोने का वायदा भाव बीते सप्ताह 3,420 रुपये यानी 2.8 प्रतिशत बढ़कर 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इसी दौरान चांदी का वायदा भाव 4,509 रुपये यानी 3.05 प्रतिशत बढ़कर 1.52 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में पिछले सप्ताह जोरदार सुधार आया और यह 2.8 प्रतिशत बढ़कर करीब 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इस तेजी की एक प्रमुख वजह उन कारोबारियों की ओर से सोने की दोबारा खरीदारी रही, जिन्होंने पहले कीमतों में गिरावट की उम्मीद में इसे बेचा था। उन्होंने कहा कि जिंस बाजार में व्यापक सुधार के साथ कच्चे तेल की कीमतों में भी करीब दो प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

वहीं, खरीदारी बढ़ने से सोने की कीमतों को फिर गति मिली। त्रिवेदी ने कहा कि हालांकि, डॉलर सूचकांक के 103.80 के आसपास मजबूत बने रहने, थैंक्सगिविंग की लंबी छुट्टी के दौरान विदेशी निवेशकों का निवेश सीमित रहने और जिंस बाजार में बिकवाली के बाद दोबारा खरीदारी बढ़ने से घरेलू मुद्रा पर दबाव पड़ा। गर्ग के अनुसार, हालिया सुधार के दौरान चांदी ने सोने से बेहतर प्रदर्शन किया।

हालांकि, औद्योगिक मांग से जुड़ी होने के कारण वैश्विक विनिर्माण गतिविधियों और आर्थिक वृद्धि की उम्मीदों में बदलाव का असर चांदी पर अधिक पड़ता है। वैश्विक बाजार में कॉमेक्स पर दिसंबर में आपूर्ति वाले सोने का वायदा भाव बीते सप्ताह 124.2 डॉलर यानी 3.5 प्रतिशत बढ़कर 3,639.6 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत भी 2.09 डॉलर यानी 5.1 प्रतिशत बढ़कर 43.16 डॉलर प्रति औंस हो गई।

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (ईबीजी-जिंस एवं मुद्रा शोध) प्रणव मेर ने कहा, पिछले सप्ताह कीमती सोने-चांदी की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव रहा। कारोबार के दौरान कीमतों में तेज गिरावट के बाद तेज बढ़त भी देखी गई। कम कीमतों पर खरीदारी और निकट माह के वायदा अनुबंधों की समाप्ति से पहले उन कारोबारियों की ओर से दोबारा खरीदारी की गई, जिन्होंने पहले कीमतें गिरने की उम्मीद में सोना-चांदी बेचा था।

वहीं, ऊंचे स्तर पर बिकवाली का दबाव देखा गया। उन्होंने कहा कि इस महीने अब तक ज्यादातर जिंस की कीमतों में तेज गिरावट के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में महंगाई का दबाव बना हुआ है। रूस-यूक्रेन युद्ध के तेज होने के बीच सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग भी देखी गई।


Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Share This Article
Follow:
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक आंकड़ों और पत्रकारिता के नैतिक सिद्धांतों के आधार पर समाचार तैयार करती है। Aware Media Network का उद्देश्य निष्पक्ष, सटीक और समय पर जानकारी प्रदान करना है, ताकि पाठक जागरूक निर्णय ले सकें और समसामयिक घटनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कोई टिप्पणी नहीं

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Exit mobile version