फतुहा में जनता का आक्रोश, ‘अवेयर मीडिया न्यूज़’ के चौपाल में नेताओं की पेशी!
पटना: बिहार के फतुहा विधानसभा के महरानी चौक, देवी नगर में ‘अवेयर मीडिया न्यूज़’ इलेक्शन एक्सप्रेस का चौपाल कार्यक्रम जनसमस्याओं के इर्द-गिर्द गरमाया रहा। स्थानीय प्रबुद्धजनों की भारी भीड़ ने मंच पर मौजूद विभिन्न दलों के नेताओं को नाला निर्माण, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, भ्रष्टाचार, अस्पतालों की बदहाली और परिवारवाद जैसे ज्वलंत मुद्दों पर घेर लिया।
सत्ता पक्ष के नेता सवालों के घेरे में
चौपाल में सत्ताधारी दल के नेताओं, जिसमें भाजपा के नगर अध्यक्ष श्याम सुदंर केसरी, लोजपा जिला अध्यक्ष रणजीत यादव, भाकपा माले प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव, राजद नेता श्यामनंद प्रसाद, जदयू नेता राजू कुमार और जनसुराज नेता नीतीश कुमार शामिल थे, ने जनता के तीखे सवालों का सामना किया। सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार और पटना के सरकारी अस्पतालों में चूहे द्वारा मरीजों के पैर कुतरने जैसी भयावह घटनाओं ने सत्ता पक्ष को कटघरे में खड़ा कर दिया।
स्वास्थ्य और शिक्षा की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य और शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर था। दयानंद प्रसाद सिंह, मनीषा कुमारी, रविता देवी, पंकज यादव, अनिल राज, धर्मवीर गोप, अनिल चंद्रवंशी, सुजीत कुमार, रामप्रवेश रविदास, केशर प्रसाद, पंकज कुमार, भास्कर पटवा, विजय कुमार वत्स, मोहन ठाकुर, धनंजय कुमार, महेंद्र यादव और जयपाल यादव जैसे नागरिकों ने अस्पतालों की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई।
विपक्ष और समर्थकों के बीच गरमाई तनातनी
एक तीखे सवाल पर सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष के नेताओं और समर्थकों के बीच भी गरमागरम बहस देखने को मिली। हालांकि नेताओं ने जनता के सवालों का जवाब देकर उन्हें संतुष्ट करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन जनता इस बार किसी भी झूठे वादे या बहकावे में आने को तैयार नहीं दिखी।
राजद ने गिनाए विधायक के काम
इस बीच, राजद नेता श्यामनंद प्रसाद ने फतुहा विधानसभा के वर्तमान विधायक डॉ. रामानंद यादव द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
यह चौपाल कार्यक्रम फतुहा की जनता के असंतोष और आगामी चुनावों में उनके एजेंडे को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
