बिहार चुनाव: सीट बंटवारे पर घमासान! जेएमएम ने महागठबंधन से नाता तोड़ा, ‘महागठबंधन’ में शामिल होने के बावजूद सीटों से वंचित किए जाने का आरोप, झारखंड में भी गठबंधन की समीक्षा का ऐलान
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले महागठबंधन में शामिल होने के बावजूद सीटों से वंचित किए जाने का आरोप लगाते हुए आगामी बिहार विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। जेएमएम नेता और झारखंड के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि यह फैसला “सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस की सियासी साजिश” का परिणाम है।
“झारखण्डी हितों के साथ विश्वासघात”
सुदिव्य कुमार ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने हमेशा गठबंधन धर्म का परम कर्तव्य निभाया है, लेकिन आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में झारखण्डी हितों और झारखण्डी चेतना के साथ विश्वासघात हुआ है और हम झारखण्ड के लोग इसे भूलेंगे नहीं। हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि झारखण्ड मुक्ति मोर्चा एक बड़ी ताकत है, तथा झारखण्ड के लोगों और देश के आदिवासियों की मजबूत आवाज है। इस आवाज को दबाने की कोशिश की गई है जिसका प्रतिकार होगा।”
झारखंड में भी गठबंधन की समीक्षा
जेएमएम के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी झारखंड में कांग्रेस और राजद के साथ गठबंधन की समीक्षा करेगी। उन्होंने इस ‘अपमान’ का करारा जवाब देने की बात कही।
अकेले चुनाव लड़ने का फैसला
हेमंत सोरेन नीत झामुमो ने दो दिन पहले ही यह घोषणा की थी कि वह बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी और छह विधानसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी का कहना है कि ‘महागठबंधन’ में सीट बंटवारे पर बातचीत विफल हो गई थी। झामुमो ने चकाई, धमदाहा, कटोरिया, मनिहारी, जमुई और पीरपैंती सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है, जहां 11 नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होना है। इन सीटों पर नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि सोमवार थी।
‘महागठबंधन’ पर सीधा हमला
झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा, “राजद और कांग्रेस एक राजनीतिक साजिश के तहत झामुमो को चुनाव लड़ने से वंचित करने के लिए जिम्मेदार हैं। झामुमो इसका करारा जवाब देगा और राजद व कांग्रेस के साथ अपने गठबंधन की समीक्षा करेगा।”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
