इम्तियाज अली का ‘इश्क’ और एकता कपूर के आंसू: ‘मैं वापस आऊंगा’ का पहला रिव्यू उड़ा देगा होश!
बॉलीवुड के मास्टर स्टोरीटेलर इम्तियाज अली एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं और प्यार की एक ऐसी अनकही दास्तान लेकर आ रहे हैं, जो सीधे रूह को छू ले। उनकी आगामी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर इन दिनों हर तरफ चर्चा का बाजार गर्म है। जहां फिल्म का ट्रेलर यूट्यूब पर पहले ही तहलका मचा चुका है, वहीं अब ‘कंटेंट क्वीन’ एकता कपूर ने फिल्म का ‘फर्स्ट रिव्यू’ साझा कर दर्शकों की बेताबी को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग देख चुकीं एकता ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद गहरा और भावुक नोट लिखकर इस सिनेमाई अनुभव की जमकर सराहना की है।
इसे भी पढ़ें: Cannes 2026 | Aishwarya Rai Bachchan ने ‘सफेद गुलाब’ लुक से बिखेरा जलवा, फैंस बोले- ‘कान्स की क्वीन वापस आ गई’
एकता कपूर का दिल छू लेने वाला रिव्यू
दिग्गज प्रोड्यूसर ने अपने इंस्टाग्राम पर दिल की बात साझा करते हुए लिखा, ‘मैं अभी तक उस जादू से बाहर नहीं आ पाई हूं जो मैंने पर्दे पर देखा। मुझे यह तय करने में पूरा एक दिन लगा कि क्या लिखूं, क्योंकि मैं इस फिल्म की खूबसूरती के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहती थी। दुनिया इसे जून में देखेगी, लेकिन मुझे मई में ही इसे महसूस करने का मौका मिला। यकीन मानिए, आपको अंदाजा भी नहीं है कि सिनेमाई पर्दे पर क्या तूफान आने वाला है!’
उन्होंने फिल्म की गहराई पर बात करते हुए लिखा, ‘यह फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ बंटवारे की आग के बीच पनपी एक अमर प्रेम कहानी है। यह दिखाती है कि पीढ़ियों के बदलने से जीने और सोचने का तरीका तो बदल सकता है, लेकिन प्यार का मूल भाव वही रहता है। अंत में हर किसी को मोहब्बत की पनाह में आना ही पड़ता है। यह एक ऐसी सदाबहार फिल्म है जो खत्म होने के बाद भी आपके ख्यालों से नहीं जाएगी।’
इसे भी पढ़ें: ‘है जवानी तो इश्क़ होना है’ के ट्रेलर लॉन्च पर रो पड़े David Dhawan, बोले- ‘अस्पताल में वरुण साये की तरह साथ रहा’
एकता ने आगे लिखा, ‘यह फिल्म आपको उस एक शख्स की याद दिला देगी जिससे आपको कभी ‘क्लोजर’ नहीं मिला, जिसके साथ वादे तो थे पर वक्त नहीं। यह फिल्म उस दौर के सच्चे प्यार का अहसास कराती है जब न फोन थे, न इंटरनेट… सिर्फ एक-दूसरे का इंतजार और बेपनाह जज्बात थे। इम्तियाज अली अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं और ए.आर. रहमान का संगीत तो बस रूहानी जादू है!’
एक्टिंग का पावरहाउस: दिलजीत, वेदांग और शरवरी
फिल्म के कलाकारों पर बात करते हुए एकता ने लिखा, ‘दिलजीत दोसांझ का अभिनय आपके दिल में घर कर जाता है। उनकी आंखों में भावनाओं का जो समंदर और किरदारों का जो अंतर्द्वंद है, वह काबिल-ए-तारीफ है। वह एक ऐसे युवक के रूप में लाजवाब लगे हैं जो अपनी भावनाओं को जाहिर करने के लिए जूझ रहा है।’
फिल्म के सबसे बड़े सरप्राइज पर एकता ने कहा, ‘वेदांग रैना इस फिल्म के असली सरप्राइज पैकेज हैं। क्या शानदार डेब्यू है! ‘द आर्चीज’ के बाद यहां वह एक अलग ही स्तर पर नजर आए हैं। एक सरदार के किरदार में वह बेहद आकर्षक लगे हैं और निश्चित रूप से सबका दिल जीत लेंगे। वहीं शरवरी अपनी आंखों से बातें करती हैं; उनकी स्क्रीन प्रेजेंस बेहद दमदार और ईमानदार है। नसीरुद्दीन शाह तो अभिनय की एक चलती-फिरती संस्था हैं, उनकी तारीफ के लिए शब्द हमेशा कम पड़ जाएंगे।’
वेदांग और शरवरी ने जताया आभार
एकता कपूर के इस उत्साहजनक रिव्यू पर फिल्म की स्टारकास्ट भी खुद को प्रतिक्रिया देने से नहीं रोक पाई। शरवरी ने कमेंट करते हुए लिखा, “आपका बहुत-बहुत शुक्रिया मैम, आपके शब्द मेरे लिए बहुत अहमियत रखते हैं।” वहीं वेदांग रैना ने विनम्रता दिखाते हुए कहा, “आप बहुत दयालु हैं, आपकी इस सराहना के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद मैम।”
12 जून को होगा बड़ा धमाका
इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी ‘मैं वापस आऊंगा’ भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दर्द और मोहब्बत की एक मार्मिक दास्तान है। फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर पहले ही सकारात्मक लहर पैदा कर चुका है। अब सबकी निगाहें 12 जून पर टिकी हैं, जब यह फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देगी। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की सीधी टक्कर कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ से होने वाली है।
Entertainment News Hindi Today only at Prabhasakshi
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
