बॉलीवुड की ‘धक-धक गर्ल’ हुईं आलोचनाओं की शिकार: कनाडा टूर का वीडियो वायरल, फैंस हुए नाराज़
मुंबई: अपनी मनमोहक अदाओं और शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री माधुरी दीक्षित इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रही हैं। दरअसल, उनके कनाडा दौरे का एक वीडियो सामने आया है, जिसके बाद फैंस का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
स्टेज पर तीन घंटे की देरी, दर्शक हुए हताश
वायरल हो रहे इस वीडियो में माधुरी दीक्षित स्टेज पर परफॉर्मेंस देती नजर आ रही हैं। कई यूजर्स ने इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया है कि वह अपने शो के लिए करीब तीन घंटे की देरी से पहुंचीं, जिससे वहां मौजूद दर्शक काफी नाराज हो गए।
‘पैसे बचाएं, उनके टूर में शामिल न हों!’
एक यूजर ने माधुरी दीक्षित के इस वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने लिखा, “मैं आपको एक सलाह दे सकती हूं, तो वह यही है कि माधुरी दीक्षित के टूर में शामिल न हों, अपने पैसे बचाएं।”
शो को बताया ‘समय की बर्बादी’
सोशल मीडिया पर माधुरी दीक्षित के कनाडा टूर को ‘अव्यवस्थित’, ‘खराब तरीके से आयोजित’ और ‘समय की बर्बादी’ बताया जा रहा है। यूजर्स की टिप्पणियों में साफ तौर पर उनका गुस्सा झलक रहा है।
“अब तक का सबसे घटिया शो था!”
एक निराश दर्शक ने लिखा, “ये अब तक का सबसे घटिया शो था। कितना ज्यादा अव्यवस्थित। विज्ञापन में ये नहीं बताया गया था कि वह बस हर गाने पर दो सेकंड तक बात करेंगी और थोड़ा सा डांस करेंगी। ये बहुत ही खराब आयोजन था।”
स्टेडियम छोड़कर जाने को मजबूर हुए फैंस
एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, “माधुरी दीक्षित के इस कनाडा टूर शो का हाल देखकर इतने सारे लोग स्टेडियम छोड़कर बाहर चले गए थे। लोग पैसे वापस करने के लिए चिल्ला रहे थे। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह एक खूबसूरत अभिनेत्री और इंसान हैं, शो देखने आए सभी लोग इस बात से सहमत हैं कि ये आयोजन बहुत ही खराब था।”
एक और यूजर ने कमेंट किया, “ये सबसे घटिया शो है। इसे किसी को नहीं देखना चाहिए। दर्शकों के समय की जरा भी चिंता नहीं। तीन घंटे लेट और फिर बेकार की बातों से भरा था ये शो।”
टिकट पर शाम 7:30, शो शुरू हुआ रात 10 बजे
कई लोगों ने बताया कि उनकी टिकटों पर शाम 7:30 बजे शो के शुरू होने का समय लिखा था, लेकिन यह कार्यक्रम रात 10 बजे शुरू हुआ था। इस इवेंट में शामिल एक शख्स ने कहा, “मैं रात 11:05 बजे चला गया क्योंकि मुझे अगले दिन ऑफिस जाना था। सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि आयोजकों ने या फिर खुद माधुरी दीक्षित ने ये तय किया था कि वह रात 10 बजे आएंगी। कार्यक्रम बहुत देर से शुरू हुआ और दर्शकों के समय का अनादर किया गया।”
एक शख्स ने आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की भी सलाह दी। उन्होंने लिखा, “कृपया सभी लोग आयोजकों की शिकायत उपभोक्ता संरक्षण ओंटारियो को करें। ये गलत बयानबाजी के अंतर्गत आता है। किसी व्यवसाय के लिए अपनी सेवाओं के बारे में गलत जानकारी देना गैरकानूनी है।”
फैंस ने किया माधुरी का बचाव
हालांकि, आलोचनाओं के बीच कुछ प्रशंसक माधुरी दीक्षित का बचाव करने के लिए भी आगे आए हैं। एक फैन ने टिप्पणी करते हुए लिखा, “वह हमेशा की तरह शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। हो सकता है कि ये प्रोडक्शन या प्रबंधन समन्वय का मामला हो।”
एक अन्य फैन ने लिखा, “माधुरी दीक्षित अद्भुत हैं। एक्ट्रेस के असली फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए तरसते रहते हैं। अगर आयोजन सही ढंग से नहीं हुआ तो ये उनकी गलती नहीं है। उनकी उपस्थिति का आनंद ही कुछ और है।”
माधुरी दीक्षित ने नहीं जारी किया कोई बयान
यह विवाद इसी साल की शुरुआत में फेमस सिंगर नेहा कक्कड़ के साथ हुई एक ऐसी ही घटना के बाद शुरू हुआ है, जब उन्हें मेलबर्न कॉन्सर्ट में देर से पहुंचने पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। बाद में नेहा कक्कड़ ने आयोजकों पर खराब व्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए माफी मांगी थी। फिलहाल, माधुरी दीक्षित और उनकी टीम ने इस घटना के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
