“मुन्नाभाई” के सर्किट, अरशद वारसी, पटना में खोलेंगे “भागवत” के राज़!
पटना की गलियों में ‘मुन्नाभाई’ का ‘सर्किट’ – अभिनेता अरशद वारसी – अपने निर्देशक अक्षय शेरे के साथ, आगामी क्राइम थ्रिलर “भागवत चैप्टर 1: राक्षस” के प्रमोशन के लिए पहुँचे. शहर की मेजबानी और लजीज लिट्टी-चोखा का स्वाद चखकर अरशद वारसी ने कहा, “यहां के लोग जिंदगी को मजे से जी रहे हैं!”
“भागवत”: सत्य और भ्रम की महीन लकीर पर एक रोमांचक यात्रा
17 अक्टूबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली यह फिल्म, असल घटनाओं से प्रेरित है. अरशद वारसी ने बताया, “‘भागवत’ सिर्फ अपराधी को पकड़ने की कहानी नहीं है, बल्कि यह साबित करने की जद्दोजहद है कि उसने जो गुनाह किया, वह कितना भयानक और अकाट्य है. यह एक ऐसे शातिर दिमाग का खेल है, जिसके जुर्म को साबित करना लगभग नामुमकिन है. यह मेरे करियर की एक और गंभीर और प्रशंसित फिल्म होगी.”
बिहार के कलाकारों में प्रतिभा की धमक
बिहार के कलाकारों की तारिफ करते हुए अरशद ने कहा, “यहां के कलाकार मेहनती और बेहद काबिल हैं. टैलेंट कहीं से भी आए, उसे रोका नहीं जा सकता. हां, बाहर से आए लोगों को थोड़ी जद्दोजहद करनी पड़ती है, लेकिन आखिर में जनता ही तय करती है कि कौन असली है.”
असली जेल का खौफनाक अनुभव
फिल्म की शूटिंग के दौरान एक असली जेल का दौरा अरशद के लिए रूह कंपा देने वाला अनुभव था. उन्होंने बताया, “डेथ रो के कैदियों से मिलना… वो आराम से बैठकर कविताएं लिख रहे थे, जैसे मौत उनकी दोस्त हो. यह एक ऐसा अनुभव था, जिसे मैं कभी नहीं भूलूंगा.”
खुश रहने का ‘सर्किट’ का मंत्र
अपनी सदाबहार मुस्कान का राज़ बताते हुए अरशद ने कहा, “लाइफ में सब कुछ आपके कंट्रोल में नहीं है, तो क्यों उसे कंट्रोल करने की कोशिश करें? जो नहीं हो सकता, उसे छोड़ दो. जिंदगी मजे से जियो, ज्यादा सीरियस मत हो!”
निर्देशक अक्षय शेरे: “भागवत” में नहीं, हकीकत में है कहानी
निर्देशक अक्षय शेरे ने स्पष्ट किया, “‘भागवत’ का कोई धार्मिक संदर्भ नहीं है. यह सिर्फ एक किरदार का नाम है. फिल्म समाज की कड़वी सच्चाई और नैतिकता पर गहराई से प्रकाश डालती है, और हम इसे पूरी ईमानदारी से पर्दे पर उतार रहे हैं.”
बिहार में फिल्म निर्माण की बढ़ती रफ्तार पर उन्होंने कहा, “अगर अच्छी कहानी मिली, तो बिहार पर भी चैप्टर बना सकते हैं. आज के दर्शक छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देते हैं, इसलिए रियल लोकेशन का महत्व बढ़ गया है.”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
