एंटरटेनमेंट जगत से एक दिल दहला देने वाली खबर, 41 वर्षीय बॉडीबिल्डर और एक्टर वरेंदर सिंह घुम्मण का निधन
नई दिल्ली: एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक और दुखद खबर सामने आई है। 41 साल के मशहूर बॉडीबिल्डर और एक्टर वरेंदर सिंह घुम्मण का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा (कार्डियक अरेस्ट) पड़ा, जिसके चलते उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
एक्टर और बॉडीबिल्डर वरेंदर सिंह घुम्मण की मौत
वरेंदर सिंह घुम्मण के निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री शोक में डूब गई है और हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। आपको बता दें कि कुछ ही दिन पहले वरेंदर सिंह घुम्मण ने पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा के निधन पर सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर किया था।
राजवीर जवंदा की मौत से टूट गए थे वरेंदर
वहीं अब वरेंदर सिंह घुम्मण की मौत के बाद उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में वरेंदर सिंह ने लिखा था- RIP Brother… राजवीर जवंदा का निधन पंजाब और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा घाटा है। वाहे गुरु परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।
वरेंदर सिंह घुम्मण का आखिरी पोस्ट हुआ वायरल
- वहीं लोगों की मानें तो किसे पता था कि राजवीर जवंदा को श्रद्धांजलि देने वाले वरेंदर सिंह घुम्मण खुद इतनी जल्दी दुनिया को अलविदा कह देंगे। वरेंदर सिंह घुम्मण सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थे। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 4500 से ज्यादा पोस्ट थे और एक मिलियन से अधिक फॉलोवर्स।
- हालांकि वरेंदर सिंह घुम्मण खुद सिर्फ 23 लोगों को ही फॉलो करते थे। अपने इंस्टाग्राम बायो में उन्होंने खुद को भारत का बड़ा वेजिटेरियन बॉडीबिल्डर और आर्टिस्ट बताया हुआ था। इसके साथ ही उन्होंने संपर्क के लिए अपना मोबाइल नंबर भी शेयर किया था, जिससे पता चलता है कि वह अपने फैंस से जुड़े रहना पसंद करते थे।
कंधे में फ्रैक्चर के चलते अस्पताल में भर्ती थे वरेंदर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वरेंदर सिंह घुम्मण हाल ही में कंधे में फ्रैक्चर की वजह से अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों ने मामूली ऑपरेशन की सलाह दी थी और वह उसी के लिए अस्पताल पहुंचे थे। ये प्रक्रिया बहुत छोटी थी, इसलिए वह अकेले ही गए थे और उसी दिन घर लौटने की योजना थी, लेकिन ऑपरेशन के बाद उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई।
राजनीति में कदम रखने वाले थे वरेंदर सिंह घुम्मण
- जानकारी के मुताबिक वरेंदर सिंह घुम्मण ने आने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में राजनीति में उतरने की घोषणा की थी। उन्होंने हाल ही में कहा था कि वह युवा वर्ग के लिए काम करना चाहते हैं और फिटनेस को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने का सपना रखते हैं।
- बॉडी बिल्डिंग के अलावा वरेंदर सिंह घुम्मण ने एक्टिंग में भी हाथ आजमाया था। वह पंजाबी फिल्म ‘कबड्डी वंस अगेन’ में मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया था। वह सलमान खान के साथ ‘मरजावां’ और ‘टाइगर 3’ जैसी फिल्मों में दिखाई दिए थे।
‘ही-मैन ऑफ इंडिया’ रह चुके थे वरेंदर सिंह घुम्मण
- जालंधर के मूल निवासी वरेंदर सिंह घुम्मण को फिटनेस जगत में द ही-मैन ऑफ इंडिया कहा जाता था। साल 2009 में उन्होंने मिस्टर इंडिया का खिताब जीतकर देशभर में नाम कमाया था। वह एक शुद्ध शाकाहारी बॉडीबिल्डर के रूप में मशहूर थे, जो अपनी डाइट और फिटनेस दोनों के लिए अनुशासित जीवन जीते थे।
- वरेंदर सिंह घुम्मण का यूं अचानक चले जाना न केवल बॉडी बिल्डिंग बल्कि पंजाबी और बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए भी बड़ी क्षति है। उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट अब फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें उन्होंने जिस तरह राजवीर जवंदा को श्रद्धांजलि दी थी, उसी तरह आज पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
