अभिनय की दुनिया में तीन दशकों से अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले दिग्गज अभिनेता संजय मिश्रा के शानदार सफर में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। 72वें नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड्स में फ़िल्म ‘भक्षक’ के लिए उन्हें ‘बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाज़ा गया है। साल 2024 में नेटफ़्लिक्स पर रिलीज़ हुई और रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस फ़िल्म ने एक संवेदनशील सामाजिक मुद्दे को जिस ईमानदारी और संयम के साथ पर्दे पर उतारा, उसमें संजय मिश्रा का निभाया ‘भास्कर सिन्हा’ का किरदार फ़िल्म की भावनात्मक रीढ़ बनकर उभरा।
इसे भी पढ़ें: रणबीर कपूर ने अरुण गोविल को बताया अपनी प्रेरणा, Ramayana के ‘राम’ का बचपन से संजोया चेहरा
इस बड़ी उपलब्धि पर अपनी खुशी साझा करते हुए संजय मिश्रा ने कहा कि यह अवॉर्ड उन सार्थक कहानियों की जीत है, जिसकी तलाश हर कलाकार को रहती है। उन्होंने जज्बाती होते हुए कहा, ‘एक अभिनेता के तौर पर आपकी बस यही ख्वाहिश होती है कि आपको बेहतरीन कहानियाँ और असरदार किरदार मिलते रहें। जब इस मेहनत को नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड्स जैसे सर्वोच्च सम्मान से पहचाना जाता है, तो वह अहसास शब्दों से परे होता है। मैं इस गौरव के लिए बेहद आभारी हूँ। ‘भक्षक’ एक ज़रूरी फिल्म है और मैं निर्देशक पुलकित, रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और नेटफ़्लिक्स का शुक्रगुज़ार हूँ कि उन्होंने इतनी हिम्मत के साथ इस कहानी को दर्शकों तक पहुँचाया। यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है।’
पुलकित के निर्देशन में बनी ‘भक्षक’ में भूमि पेडनेकर ने एक जांबाज खोजी पत्रकार की भूमिका निभाई है, जो शेल्टर होम में हो रहे घिनौने शोषण को बेनकाब करने की जंग लड़ती है। संजय मिश्रा ने भास्कर सिन्हा के रूप में अपनी अदाकारी में जो गहराई और संवेदनशीलता दिखाई, वह फिल्म की सबसे बड़ी खूबियों में से एक रही। फ़िल्म की विशेष सराहना इसलिए भी हुई क्योंकि इसने बिना किसी मेलोड्रामा के एक बेहद गंभीर विषय को संजीदगी से पेश किया।
इसे भी पढ़ें: 72nd National Film Awards 2026: बेस्ट एक्ट्रेस Yami Gautam, बेस्ट एक्टर कौन? विजेताओं की लिस्ट में Randeep Hooda का भी नाम शामिल
नेशनल अवॉर्ड की इस मोहर ने ‘भक्षक’ की उपलब्धियों को एक नई ऊँचाई दे दी है। संजय मिश्रा और निर्देशक पुलकित की यह सफल रचनात्मक जोड़ी अब फिल्म ‘कर्तव्य’ के लिए भी साथ आई है। रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट की इस पेशकश में भूमि पेडनेकर और संजय मिश्रा के साथ-साथ साई ताम्हणकर और आदित्य श्रीवास्तव जैसे कलाकारों ने भी दमदार अभिनय किया है। राष्ट्रीय गौरव हासिल करने वाली यह फ़िल्म वर्तमान में नेटफ़्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
