Uttar Pradesh News(Awaremedia): उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति बनाने और संगठन को मजबूत करने के लिए दो अहम कमेटियों का गठन किया है। इनमें प्रदेश चुनाव समिति और राजनीतिक मामलों की समिति शामिल है। कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना को चुनाव समिति की अध्यक्ष बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
कांग्रेस की ओर से 28 नवंबर को इन समितियों के गठन का ऐलान किया गया। पार्टी का मकसद चुनाव से पहले बड़े नेताओं को एक साथ लाकर रणनीति तैयार करना और प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना है। चुनाव समिति में सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, इमरान मसूद, राजीव शुक्ला और अजय राय समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
चुनाव समिति में इन नेताओं को मिली जगह
प्रदेश चुनाव समिति में कांग्रेस के कई पुराने और अनुभवी नेताओं को जगह दी गई है। इनमें किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह, इमरान प्रतापगढ़ी, निर्मल खत्री, राज बब्बर, अजय कुमार लल्लू, बृजलाल खाबरी और पीएल पुनिया जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा प्रदीप जैन आदित्य, अनिल शास्त्री, बेगम नूर बानो और जफर अली नकवी को भी समिति में जगह मिली है।
राजनीतिक मामलों की समिति में कौन-कौन शामिल
कांग्रेस ने चुनाव समिति के साथ राजनीतिक मामलों की समिति भी बनाई है। इसमें प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा मोना, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, प्रमोद तिवारी और किशोरी लाल शर्मा शामिल हैं। इमरान मसूद, राकेश राठौर, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह और राजीव शुक्ला को भी इस समिति में जिम्मेदारी दी गई है।
इस समिति का काम प्रदेश से जुड़े राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करना और पार्टी की आगे की रणनीति तैयार करने में मदद करना होगा। दोनों समितियों में अनुभवी नेताओं को शामिल करके कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह आगामी चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर तैयारी कर रही है।
सपा के साथ गठबंधन पर भी टिकी नजर
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर भी बातचीत चल रही है। हालांकि सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच अभी सहमति नहीं बन पाई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी की ओर से पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने के बाद गठबंधन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
फिलहाल दोनों दलों को उम्मीद है कि बातचीत के जरिए रास्ता निकल जाएगा। अब देखना होगा कि कांग्रेस की नई समितियां चुनावी रणनीति को किस दिशा में आगे बढ़ाती हैं और समाजवादी पार्टी के साथ सीटों को लेकर क्या सहमति बनती है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
