जयपुर. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ‘2 साल बनाम 5 साल’ के दावे को लेकर भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है. इस संबंध में पूर्व सीएम ने एक्स के माध्यम से कहा कि ‘2 साल बनाम 5 साल’ के दावों की पोल खोलती एक और हकीकत: कानोता और अचरोल में सैटेलाइट अस्पताल रद्द.
जयपुर के एमएमएस अस्पताल पर मरीजों का दबाव कम करने और सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराने के लिए हमारी कांग्रेस सरकार ने अप्रैल 2022 में जयपुर की चारों दिशाओं में सैटेलाइट अस्पताल खोलने की घोषणा की थी। इनमें दक्षिण में टोंक रोड पर शिवदासपुरा, पश्चिम में अजमेर रोड पर बालमुकुंदपुरा, पूर्व में आगरा रोड पर कानोता और उत्तर में दिल्ली रोड पर अचरोल शामिल थे। इन चारों सेटेलाइट अस्पतालों का काम कांग्रेस सरकार के दौरान ही शुरू हो गया था। हमारी सरकार के दौरान बालमुकुंदपुरा और शिवदासपुरा का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया था, लेकिन पूरा होने के एक साल बाद भी वर्तमान सरकार ने इन्हें जनता को समर्पित नहीं किया है।
अशोक गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस सरकार के दौरान भूमि आवंटन के बावजूद, सत्ता परिवर्तन के बाद, अब भाजपा सरकार ने कानोता और अचरोल के सैटेलाइट अस्पतालों को रद्द कर दिया है. जबकि आगरा रोड और दिल्ली रोड पर सड़क दुर्घटनाएं सबसे ज्यादा होती हैं। यह फैसला भाजपा सरकार की अदूरदर्शिता और असंवेदनशीलता का प्रतीक है।
जनहित के ऐसे महत्वपूर्ण कार्यों को न रोकें
अशोक गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री जी, ‘2 साल बनाम 5 साल’ की कागजी बातों से बाहर आकर हकीकत देखें, जनता में हाहाकार मचा हुआ है. जनहित के ऐसे महत्वपूर्ण कार्यों को न रोकें। अगर यही रवैया रहा तो आने वाले पंचायती राज और नगर निकाय चुनाव में जनता का गुस्सा देखने को मिलेगा.
पीसी:राजस्थान.एनडीटीवी
अपडेटेड खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
