जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। गुरुवार को भदरवाह-चंबा मार्ग पर खानीटॉप के पास सेना के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 जवान शहीद हो गए, जबकि इतने ही जवान घायल हो गए। इस हृदय विदारक घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में शहीद जवानों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है और घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है। इस दुखद घड़ी में राहत और बचाव कार्यों की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को सलाम किया है।
वहीं, उपराज्यपाल कार्यालय ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि “हम अपने बहादुर सैनिकों की उत्कृष्ट सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेंगे।” इसके अलावा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि घायल सैनिकों को चिकित्सा सहायता दी जा रही है और सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। रक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस कठिन घड़ी में पूरा देश हमारे सशस्त्र बलों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, हदसा भदेरवाह के खानी टॉप इलाके में हुआ। सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और दुर्गम भूभाग और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के बावजूद राहत कार्य शुरू किया। घायल जवानों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। देश इन वीर जवानों के बलिदान को नमन करता है और पूरी घटना पर दुख की लहर दौड़ गई है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
