मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में 100 ग्राम घी के लिए सास और बहू के बीच हुए विवाद ने एक भयानक मोड़ ले लिया। इस विवाद के बाद बृहस्पतिवार को बहू ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इसकी जानकारी दी है।
अधिकारियों के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना जिले के इंदार थाना क्षेत्र के इमलाऊदी गांव की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। इंदार थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मृतका की पहचान सोनम जाटव के रूप में हुई है।
परिजनों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि सोनम की शादी 2018 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। सिंह के मुताबिक सोनम के पति धनपाल जाटव ने पुलिस को बताया कि वह संयुक्त परिवार में रहते हैं और आए दिन के घरेलू तनाव के कारण उनकी पत्नी अलग से खाना बनाती थी।
उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह धनपाल की मां ने सोनम से थोड़ा घी मांगा, लेकिन सोनम ने पहले मना किया। हालांकि, पति के कहने पर उसने करीब 100 ग्राम घी दे दिया। थाना प्रभारी सिंह ने धनपाल के हवाले से बताया कि इसके बाद उसने अपनी पत्नी की इच्छा के विरुद्ध थोड़ा और घी अपनी मां को दिलवा दिया, जिससे सास-बहू के बीच कहासुनी बढ़ गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बीच धनपाल घर से बाहर चला गया और फिर सोनम व उसी सास के मध्य पुन: विवाद हो गया। जिसके बाद गुस्से में सोनम ने घी का डिब्बा फेंक दिया और कथित तौर पर घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया।
सिंह ने बताया कि सोनम की हालत बिगड़ते ही परिजन उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली से पचावली ले गए, फिर वहां से किराए की जीप से जिला अस्पताल शिवपुरी लाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है।
थाना प्रभारी ने कहा, "पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या ही है या इसके पीछे कोई और वजह है। मामले की विस्तृत जांच करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।\"
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
