धार्मिक यात्रा बनी प्रेम कहानी: सिख श्रद्धालु का पाकिस्तान में इस्लाम कबूल, निकाह की खबर
पंजाब के कपूरथला की सरबजीत कौर, जो गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थीं, वहां से लापता होने के बाद अब एक पाकिस्तानी नागरिक से निकाह कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित उर्दू निकाहनामे के अनुसार, सरबजीत कौर ने इस्लाम कबूल कर लिया है और अब उनका नया नाम “नूर” है। इस निकाहनामे में शेखूपुरा के नासिर हुसैन को उनके पति के रूप में उल्लेख किया गया है।
यह घटना उस समय सामने आई जब 4 नवंबर को भारत से लगभग 1,900 से अधिक सिख श्रद्धालु वाघा-अटारी बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान पहुंचे थे। यह तीर्थयात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय समझौते के तहत आयोजित की जाती है, जिसमें सिख समुदाय अपने पवित्र स्थलों के दर्शन करता है।
13 नवंबर को जब जत्था भारत लौट रहा था, तब सरबजीत कौर वापस नहीं आईं। पाकिस्तानी इमिग्रेशन ने भारतीय अधिकारियों को सूचित किया कि उन्होंने एग्जिट क्लीयरेंस के लिए संपर्क ही नहीं किया।
पुलिस ने प्रारंभिक रिपोर्ट भारतीय एजेंसियों को सौंप दी है और सरबजीत कौर और उनके परिवार से संबंधित जानकारी जुटाने का काम जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय सरबजीत कौर तलाकशुदा हैं और उनके दो बेटे हैं। उनके पूर्व पति लगभग 30 वर्षों से इंग्लैंड में रह रहे हैं।
बता दें कि इस जत्थे का नेतृत्व अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज्ज कर रहे थे। तीर्थयात्रियों ने ननकाना साहिब, करतारपुर स्थित श्री दरबार साहिब और पंजाब प्रांत के कई अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन किए थे।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
