
मुंबई लोकल में खौफनाक वारदात: मामूली विवाद ने ली प्रोफेसर की जान, रक्षा मंत्री के कमांडो के बेटे थे मृतक
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन शनिवार शाम एक रूह कंपा देने वाली वारदात की गवाह बनी. महज पहले उतरने और गेट पर खड़े होने को लेकर हुए एक छोटे से झगड़े ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जिसमें एनएम कॉलेज के 33 वर्षीय प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह की जान चली गई. मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले आलोक, देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सुरक्षा में तैनात कमांडो अनिल कुमार सिंह के बेटे थे. शनिवार शाम जब वह कॉलेज से घर लौट रहे थे, तभी मलाड़ रेलवे स्टेशन पर उनकी चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ओमकार एकनाथ शिंदे को दबोच लिया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दिल दहला देने वाली घटना शाम करीब 5:40 बजे की है. चर्चगेट से बोरीवली जा रही स्लो लोकल जैसे ही मलाड़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंचने वाली थी, गेट पर खड़े आलोक और ओमकार के बीच बहस शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि आगे कुछ महिलाएं खड़ी थीं, जिस वजह से आलोक ने ओमकार को थोड़ा रुकने और धक्का-मुक्की न करने को कहा. यह बात सनकी हमलावर को इतनी नागवार गुजरी कि जैसे ही ट्रेन रुकी, उसने प्लेटफॉर्म पर उतरते ही आलोक के पेट में धारदार हथियार घोंप दिया और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.
ओमकार शिंदे (बाईं ओर) और प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह (दाईं ओर).
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें
हमले के बाद खून से लथपथ आलोक को तुरंत कांदिवली के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव इतना गहरा था कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना से स्टेशन पर हड़कंप मच गया. राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन सीसीटीवी फुटेज खंगाले. चश्मदीदों ने बताया कि हमले के वक्त आरोपी नशे की हालत में नजर आ रहा था, जिसने बिना सोचे-समझे इस वारदात को अंजाम दिया.
लोकलमधून आधी उतरण्याच्या किरकोळ वादातून मालाड रेल्वे स्थानकात प्राध्यापक आलोक सिंग यांची हत्या.
आरोपी ओमकार शिंदेने धारधार चिमट्याने आलोक सिंग यांना भोसकलं.
आलोक सिंग यांच्या हत्येप्रकरणी आरोपी ओमकार शिंदे अटकेत.
लोकलमधील किरकोळ वाद आलोक सिंग यांच्या जिव्हारी. @TV9Marathi pic.twitter.com/EXLa0LLmiU
— Krishna sonarwadkar (@KrishnaSonarwa1) January 25, 2026
कौन है हत्यारा और कैसे पकड़ा गया?
सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान 27 वर्षीय ओमकार एकनाथ शिंदे के रूप में की. ओमकार पेशे से एक दिहाड़ी मजदूर है और मेटल पॉलिश का काम करता है. पुलिस ने जाल बिछाकर महज 12 घंटे के भीतर उसे मुंबई के कुरार इलाके से गिरफ्तार कर लिया. शुरुआती तफ्तीश में पुलिस का कहना है कि आरोपी का कोई पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है, यह पूरी घटना गुस्से में अचानक की गई हिंसा का परिणाम लगती है. फिलहाल आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
दो साल पहले शुरू हुआ था खुशहाल सफर, एक पल में सब खत्म
आलोक कुमार सिंह एक होनहार शिक्षक थे, जिन्होंने साल 2024 में ही विले पार्ले स्थित प्रसिद्ध नरसी मुंजी (NM) कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स में बतौर मैथ और स्टैटिस्टिक्स प्रोफेसर जॉइन किया था. महज दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी के साथ मलाड़ ईस्ट में रह रहे थे. एक छोटे से विवाद में हुई इस हत्या ने न केवल उनके परिवार को उजाड़ दिया है, बल्कि मुंबई लोकल में सफर करने वाले लाखों यात्रियों की सुरक्षा पर भी बड़े सवालिया निशान लगा दिए हैं.
ये भी पढ़ें:- IG पुलिस के ही खिलाफ फैला दी फेक न्यूज, केरल में ऑनलाइन पोर्टल के खिलाफ दर्ज हुई FIR
ये भी पढ़ें:- हज पर जाने वाले हर यात्री को मिलेगा स्मार्ट बैंड, खतरे लगा, तो दबाओ बटन और मिलेगी सरकारी मदद
The post जौनपुर के प्रोफेसर की मुंबई लोकल ट्रेन में चाकू मारकर हत्या, राजनाथ सिंह के कमांडो हैं पिता, आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार appeared first on Aware Media.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
