प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के सिंगूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब TMC के 15 साल के ‘महाजंगल राज’ को समाप्त करने का मन बना चुकी है और लोग ‘कुशासन’ से पूरी तरह तंग आ चुके हैं।
पीएम मोदी ने इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ को पश्चिम बंगाल और देश के विकास का मंत्र बताते हुए कहा कि जिस तरह यह आजादी का प्रतीक था, उसी तरह अब इसे राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बांग्ला भाषा को शास्त्रीय दर्जा मिला, जबकि TMC केंद्र में संप्रग (UPA) सरकार का हिस्सा रहते हुए भी इसे दिलाने में विफल रही।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार केंद्र की योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंचने दे रही है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है और छात्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भाजपा को वोट देना जरूरी है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर पीएम मोदी ने TMC पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी घुसपैठियों को अपना ‘वोट बैंक’ मानकर राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी दस्तावेजों के साथ रह रहे घुसपैठियों की पहचान करके उन्हें उनके देशों में वापस भेजा जाएगा।
अपने संबोधन में उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा और एनडीए ने वहां ‘जंगलराज’ को रोका है, और अब पश्चिम बंगाल भी TMC के महा-जंगलराज को विदा करने के लिए तैयार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल के विकास के लिए राज्य में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार जरूरी है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
