जयपुर. मध्य पूर्व एशिया क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति के कारण कच्चे तेल, गैस और उर्वरक की आपूर्ति को लेकर गुरुवार को सीएम कार्यालय में सर्वदलीय बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता सीएम भजनलाल ने की. बैठक में सीएम ने सभी दलों के प्रतिनिधियों से राज्य में तेल एवं गैस प्रबंधन की स्थिति पर चर्चा की और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान किया.
शर्मा ने सभी दलों के साथ-साथ राज्य की जनता को आश्वासन दिया कि राजस्थान में पेट्रोल, डीजल, गैस और उर्वरक की उपलब्धता पर्याप्त है और किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार ने सजगता से कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, सक्रिय एवं प्रभावी बनाया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने कहा कि वे पूरी तरह राज्य सरकार के साथ हैं. उन्होंने गैस एवं तेल प्रबंधन में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किये। इन सुझावों में जिला स्तर पर गैस और तेल वितरण की नियमित निगरानी, पीएनजी नेटवर्क का तेजी से विस्तार और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कार्य योजना आदि प्रमुख थे.
बैठक में शामिल हुए प्रदेश के ये दिग्गज नेता
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भाजपा विधायक श्रीचंद कृपलानी, कांग्रेस विधायक राजेंद्र पारीक व रामकेश, बसपा विधायक मनोज कुमार, राष्ट्रीय लोकदल विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, निर्दलीय विधायक अशोक कुमार कोठारी, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे. वहीं, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और भारत आदिवासी पार्टी के विधायक थावर चंद वीसी के जरिए जुड़े. बैठक में मुख्य सचिव ने प्रेजेंटेशन के जरिये राज्य में गैस और तेल आपूर्ति की जानकारी साझा की.
पीसी:डीआईपीआर.राजस्थान1
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
