रात भर निखरती त्वचा का राज़: ओवरनाइट फेस मास्क का सही इस्तेमाल!
क्या आप भी सुबह उठकर अपनी त्वचा को कोमल और चमकदार देखना चाहती हैं? स्वाभाविक रूप से दमकती त्वचा की चाहत हम सभी को होती है, लेकिन हर दिन स्किनकेयर रूटीन पर घंटों बिताना हर किसी के लिए संभव नहीं होता। ऐसे में, ओवरनाइट फेस मास्क एक बेहतरीन विकल्प है। यह मास्क आपकी त्वचा के लिए एक रात के मिनी स्पा ट्रीटमेंट की तरह काम करता है। बस सोने से पहले इसे लगाएं, आराम से सो जाएं, और सुबह आपको एक स्वस्थ और हाइड्रेटेड त्वचा मिलेगी। यह सुनने में कितना अद्भुत है, है ना? लेकिन इस ओवरनाइट फेस मास्क के पूरे फायदे तभी मिल पाते हैं, जब आप इसे सही तरीके से लगाएं।
यह सोचना कि मास्क लगाकर सो जाना ही काफी है, गलत है। हो सकता है कि इससे आपकी त्वचा को नुकसान भी हो। यदि आप वास्तव में ओवरनाइट फेस मास्क की मदद से मुलायम, चिकनी और चमकदार त्वचा चाहती हैं, तो आपको कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना होगा, जिनके बारे में हम आज आपको इस लेख में बता रहे हैं।
त्वचा को साफ करना न भूलें:
जब आप ओवरनाइट फेस मास्क लगा रही हों, तो सबसे पहले अपनी त्वचा को किसी हल्के क्लींजर से साफ करें ताकि मेकअप, तेल, धूल और गंदगी पूरी तरह हट जाए। यदि यह गंदगी चेहरे पर रह जाती है, तो मास्क के नीचे फंस सकती है, जिससे आपके रोमछिद्र बंद हो सकते हैं। इसका नतीजा यह होगा कि आपकी त्वचा बेजान दिखेगी या मुंहासे निकल सकते हैं।
मोटी परत लगाने से बचें:
बेहतर परिणाम पाने की चाहत में, हम अक्सर ओवरनाइट मास्क की मोटी परत त्वचा पर लगा लेती हैं। लेकिन ऐसा करने की कोई आवश्यकता नहीं है। बस मटर या सिक्के के बराबर मात्रा लें और इसे चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से फैलाएं। ध्यान रखें कि मोटी परत त्वचा को सांस लेने से रोक सकती है और रोमछिद्रों को बंद कर सकती है, या तकिए पर चिपक सकती है। एक पतली परत त्वचा को पोषण सोखने देती है और उसे सांस लेने का मौका देती है।
स्किनकेयर के साथ सही लेयरिंग:
रात में, त्वचा को साफ करने के बाद, हम अक्सर टोनर, सीरम या मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में, इनकी सही लेयरिंग बहुत महत्वपूर्ण है। हमेशा इन्हें मास्क से पहले लगाएं। इसके लिए, पहले त्वचा को क्लींज करें। उसके बाद टोनर, सीरम, मॉइस्चराइजर और फिर ओवरनाइट मास्क का इस्तेमाल करें। इससे आपकी त्वचा को पूरी नमी और पोषण मिलता है, और मास्क इन सभी को त्वचा में सील कर देता है।
तुरंत बिस्तर पर न जाएं:
मास्क लगाने के तुरंत बाद लेटने से बचें। कम से कम 10-15 मिनट इंतजार करें ताकि मास्क त्वचा में अच्छी तरह समा जाए। यदि आप तुरंत सो जाती हैं, तो मास्क तकिए पर लग जाएगा और उसका प्रभाव आधा रह जाएगा। जब मास्क सेट हो जाता है, तो वह त्वचा पर एक पतली सुरक्षात्मक परत बना देता है जो पूरी रात काम करती है।
– मिताली जैन
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
