“नहीं सर, मैं तेज गेंदबाज हूं”: प्रसिद्ध कृष्णा की वह हुंकार, जिसने उन्हें बनाया भारतीय क्रिकेट का ‘रफ्तार का सौदागर’
भारतीय क्रिकेट के मौजूदा परिदृश्य में प्रसिद्ध कृष्णा का नाम एक ऐसे गेंदबाज के रूप में उभरता है, जिसने अपनी गति, तीखी उछाल और सटीक विविधता से अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है। घरेलू क्रिकेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच और आईपीएल के मैदानों तक, कृष्णा ने अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया है।
19 फरवरी 1996 को बेंगलुरु में जन्मे 30 वर्षीय प्रसिद्ध कृष्णा को बचपन से ही क्रिकेट का जुनून था, और उनका लक्ष्य स्पष्ट था—एक शुद्ध तेज गेंदबाज बनना। उनके करियर के शुरुआती दिनों का एक किस्सा उनके आत्मविश्वास की कहानी कहता है। जब वह एक क्लब में अपनी प्रतिभा को निखारने पहुंचे, तो कोच ने उन्हें ‘मध्यम गति’ (Medium Pacer) का गेंदबाज बताया। इस पर कृष्णा ने तुरंत पलटकर कहा था, “नहीं सर, मैं तेज गेंदबाज हूं।”
दरअसल, भारत में अक्सर तेज गेंदबाजों को मध्यम गति की श्रेणी में रख दिया जाता है, लेकिन कृष्णा को अपनी रफ्तार पर अटूट विश्वास था। इसी भरोसे ने उन्हें आज के दौर का एक घातक तेज गेंदबाज बनाया है।
कृष्णा के सफर पर नजर डालें तो उन्होंने 2015 में कर्नाटक के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया। इसके बाद 2018 में आईपीएल और 2021 में वनडे क्रिकेट के जरिए भारतीय टीम के गलियारों में अपनी दस्तक दी। साल 2023 तक उन्होंने टेस्ट और टी20 फॉर्मेट में भी अपना डेब्यू पूरा कर लिया। हालांकि, चोटों (इंजरी) ने कई बार उनकी राह रोकी, लेकिन हर बार उन्होंने एक शानदार वापसी की और अपनी क्षमता को साबित किया। वह न केवल घरेलू बल्कि विदेशी पिचों पर भी विकेट चटकाने में माहिर हैं और दबाव की स्थितियों में उनकी गेंदबाजी और निखर कर सामने आती है।
आंकड़ों के आईने में देखें तो प्रसिद्ध कृष्णा ने अब तक 6 टेस्ट मैचों में 22 विकेट, 23 वनडे में 40 विकेट और 5 टी20 मैचों में 8 विकेट हासिल किए हैं। आईपीएल में भी उनका सफर काफी प्रभावशाली रहा है। पिछले 8 सीजनों में वह केकेआर, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का हिस्सा रहे। आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 25 विकेट झटके और ‘पर्पल कैप’ अपने नाम की। अब तक खेले 66 आईपीएल मैचों में उनके नाम 74 विकेट दर्ज हैं।
150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने की क्षमता रखने वाले प्रसिद्ध कृष्णा, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के चक्र में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की एक बेहद अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
