एशियाई पैरा खेल 2026: मोना अग्रवाल का ‘गोल्डन’ धमाका, अवनि ने जीता सिल्वर; भारत ने तोड़े रिकॉर्ड्स
19 अक्टूबर को आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई पैरा खेलों में भारतीय पैरा निशानेबाजों ने शानदार आगाज़ किया है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के रोमांचक फाइनल में मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा ने क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल कर तिरंगा लहराया। इन दो पदकों के साथ भारत ने खेलों में अपनी पदक तालिका का खाता धमाकेदार अंदाज में खोला है। मोना अग्रवाल ने सातवीं सीरीज के बाद 250 का जबरदस्त स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अवनि लेखरा के 2023 हांगझोऊ खेलों के 249.6 के पिछले रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए एक नया एशियाई पैरा गेम्स रिकॉर्ड स्थापित किया।
इसे भी पढ़ें: अहमदाबाद Commonwealth Games 2030 के लिए केंद्र देगा 2000 करोड़ रुपये की मदद
अवनि लेखरा ने कड़े मुकाबले के बाद 249.6 के स्कोर के साथ रजत पदक पर कब्जा जमाया। इससे पहले, क्वालिफिकेशन राउंड में भी मोना अग्रवाल का दबदबा देखने को मिला, जहाँ उन्होंने 629.1 का स्कोर बनाकर चीन की झांग कुइपिंग के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। मोना हालांकि 629.4 के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंचकर चूक गईं, जो वर्तमान में अवनि लेखरा और स्लोवाकिया की वेरोनिका वाडोविकोवा के नाम दर्ज है। अवनि ने क्वालिफिकेशन राउंड में 626.4 के कुल स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था।
इसे भी पढ़ें: Elon Musk ने दिखाई नई Tesla Roadster, SpaceX तकनीक से हवा में लगाई शानदार फ्लिप, देखें Video
वहीं, पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में भारत के लिए दिन थोड़ा फीका रहा। महावीर स्वरूप उन्हाल्कर 205.9 के स्कोर के साथ पदक की रेस से बाहर होकर चौथे स्थान पर रहे, जबकि पहली बार इन खेलों का हिस्सा बने राकेश निदागुंडी 141.5 अंकों के साथ सातवें पायदान पर रहे। क्वालीफिकेशन राउंड में निदागुंडी 619.3 अंकों के साथ सातवें और उन्हाल्कर 617.4 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचे थे। टीम के एक अन्य सदस्य आनंदा कृष्णन 605.2 अंकों के साथ 13वें स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
