फीफा वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले में अब एक बड़ा उलटफेर होने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। स्विट्जरलैंड ने क्वार्टर फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और दिग्गज लियोनेल मेसी को चुनौती देने के लिए कमर कस ली है। स्विस टीम को यकीन है कि उन्होंने अर्जेंटीना के अभेद्य किले में कुछ ऐसी दरारें ढूंढ ली हैं, जिनकी मदद से वे शनिवार को इतिहास रच सकते हैं। जहां अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ 16 में मिस्र के खिलाफ 3-2 की रोमांचक जीत के साथ अंतिम आठ में जगह बनाई, वहीं स्विट्जरलैंड ने कोलंबिया को पेनल्टी शूटआउट में धूल चटाकर 1954 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया है।
इसे भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026 | कमाई का नया पैंतरा! फीफा बेचेगा फाइनल मुकाबले की घास के टुकड़े, एक पीस की कीमत ₹43,000!
स्विस मिडफील्डर डेनिस ज़कारिया अर्जेंटीना की ताकत से वाकिफ हैं, लेकिन उनकी आंखों में जीत का सपना है। रॉयटर्स के अनुसार, ज़कारिया ने पत्रकारों से बात करते हुए अर्जेंटीना को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बताया, लेकिन साथ ही यह भी साफ किया कि स्विट्जरलैंड उनसे टकराने का दम रखता है। उन्होंने कहा, “अगर हमें उन्हें पटखनी देनी है, तो हमें अपना अब तक का सबसे बेहतरीन खेल दिखाना होगा। मेसी जैसे महान खिलाड़ी को रोकना कठिन जरूर है, लेकिन हमारे पास ऐसा करने के लिए सक्षम खिलाड़ी और सही रणनीति मौजूद है।”
लियोनेल मेसी इस वक्त प्रचंड फॉर्म में हैं। टूर्नामेंट में 8 गोल ठोककर वे गोल्डन बूट की दौड़ में किलियन एम्बाप्पे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। मिस्र के खिलाफ मिली जीत में मेसी ही अर्जेंटीना के खेवनहार बने थे; पेनल्टी चूकने के बाद भी उन्होंने गोल दागा और टीम की वापसी कराई। हालांकि, ज़कारिया का मानना है कि स्विस टीम का ध्यान सिर्फ आठ बार के बैलन डी’ओर विजेता पर ही केंद्रित नहीं होगा। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि अर्जेंटीना सिर्फ मेसी तक सीमित नहीं है, उनके पास और भी कई घातक खिलाड़ी हैं जिनसे हमें सावधान रहना होगा।
इसे भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026 | मिकेल मेरिनो फिर चमके, स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराकर विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया
फॉरवर्ड ज़ेकी अमदौनी ने भी हुंकार भरते हुए कहा कि स्विट्जरलैंड ने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन की ‘कमजोर नस’ पहचान ली है। अमदौनी के अनुसार, “हमने उनके खेल का बारीकी से अध्ययन किया है और यह काम जारी है। मुझे लगता है कि उनके डिफेंस में सेंध लगाने की जगह है और अगर हम यहां तक पहुंचे हैं, तो इसका मतलब है कि हम उन्हें नुकसान पहुंचाने का माद्दा रखते हैं।” साथ ही, उन्होंने जर्मनी के पूर्व गोलकीपर जेन्स लेहमैन के उस दावे को भी सिरे से खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि स्विस खिलाड़ी मेसी को हराने से ज्यादा उनकी शर्ट लेने में दिलचस्पी रखते हैं।
For more Sports News in Hindi Today please click here.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


