अभिषेक शर्मा का तूफानी अर्धशतक: युवराज सिंह का रिकॉर्ड ध्वस्त, पाकिस्तान की आक्रामकता पर बल्ले से करारा जवाब!
एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में दुबई क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम के युवा तूफानी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ आग उगल दी। उन्होंने न सिर्फ एक विस्फोटक अर्धशतक जड़ा, बल्कि अपने गुरु युवराज सिंह के एक खास रिकॉर्ड को भी पछाड़ दिया। अभिषेक ने महज़ 39 गेंदों में 5 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 74 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली। इस दौरान, उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों पर अपना पचासा पूरा कर लिया, जो पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक है!
इससे पहले, यह रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम था, जिन्होंने 2012 में अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ 29 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। अभिषेक की इस शानदार पारी का इनाम उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के रूप में मिला। उन्होंने शुभमन गिल के साथ मिलकर भारत को जीत दिलाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
‘पाकिस्तान की आक्रामकता का जवाब बल्ले से ही दिया’
मैन ऑफ द मैच का खिताब जीतने के बाद, अभिषेक ने अपनी आक्रामक पारी के पीछे की वजह बताते हुए कहा, “जिस तरह से वे (पाकिस्तानी खिलाड़ी) हम पर हावी होने की कोशिश कर रहे थे, मुझे बिल्कुल पसंद नहीं आया और यही एकमात्र तरीका था जिससे मैं उन्हें जवाब दे सकता था। मैंने अपने बल्ले से उनकी आक्रामकता का जवाब दिया।”
उन्होंने आगे शुभमन गिल के साथ अपनी साझेदारी पर बात करते हुए कहा, “मैं स्कूल के दिनों से शुभमन के साथ खेल रहा हूं और लंबे समय से उनके साथ ऐसी साझेदारी का इंतजार कर रहा था। टीम के लिए यह बहुत जरूरी है कि हम जिस तरह से खेलते हैं, वैसे ही खेलें। मैं इतने आक्रामक तरीके से इसलिए खेल पा रहा हूं क्योंकि टीम मुझे इस तरह खेलने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, भले ही इसमें जोखिम हो।”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


