बलिया में धर्मांतरण का खेल बेनकाब!
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की उभांव थाना पुलिस ने प्रलोभन देकर भोले-भाले लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसाने वाले एक व्यक्ति को धर दबोचा और सलाखों के पीछे भेज दिया। स्थानीय निवासी की सतर्कता पर आरोपी के विरुद्ध सख्त धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जो अपने ही घर में महिलाओं और बच्चों को इकट्ठा कर यह गोपनीय सभा चला रहा था।
बलिया (उप्र), दो नवंबर बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने ‘‘लालच देकर लोगों का धर्मांतरण कराने का प्रयास करने’’ के आरोप में ईसाई समुदाय के एक व्यक्ति को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उभांव थाना क्षेत्र के पतनारी गांव के निवासी प्रवीण कुमार सिंह की शिकायत पर रविवार देर रात तेंदुआ गांव निवासी राम आशीष के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
थाना प्रभारी अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया कि आरोप है कि राम आशीष रविवार को तेंदुआ गांव स्थित अपने घर के एक कमरे में कुछ महिलाओं एवं बच्चों के साथ ईसा मसीह के भजन-कीर्तन कर रहा था और उन्हें लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था। उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार करने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया। उन्होंने बताया कि राम आशीष पहले हिंदू था और दलित समुदाय से आता था, लेकिन बाद में उसने ईसाई धर्म अपना लिया था।
उन्होंने बताया कि वह अन्य लोगों को भी धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रहा था। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
