मौसम का मिजाज: 12 से 17 अक्टूबर तक इन राज्यों में बारिश, कहीं आंधी-तूफान तो कहीं शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग (IMD) ने 12 से 17 अक्टूबर के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। तमिलनाडु और केरल में अच्छी बारिश की उम्मीद है, वहीं लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी हल्की से मध्यम, कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं, गरज और बिजली कड़कने की भी आशंका है।
पूर्वी भारत में बदलता मौसम
ओडिशा में 12 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। 12 से 13 अक्टूबर तक गरज, बिजली और तेज हवाओं (30–40 किमी प्रति घंटे) का दौर जारी रह सकता है। वहीं, पूर्वोत्तर में नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 12 अक्टूबर को बारिश और बिजली कड़कने के आसार हैं।
उत्तर भारत में शुष्क और ठंडा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 12 से 14 अक्टूबर तक आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। दिन का तापमान 30-33 डिग्री और रात का 18-21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उत्तर प्रदेश में भी अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा, मानसून की वापसी की उम्मीद है। बिहार में अगले 2-3 दिनों में मानसून लौट सकता है, जिससे मौसम शुष्क रहेगा और ठंडक बढ़ेगी। यहां दिन का तापमान 31-33 डिग्री और रात का 20-22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पहाड़ों पर सर्द हवाओं का अहसास
उत्तराखंड में तापमान सामान्य हो गया है, लेकिन सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। राज्य में आसमान साफ रहने का अनुमान है, हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 20–24°C और न्यूनतम 10–12°C के बीच रहने की संभावना है।
झारखंड में मानसून की वापसी की आहट
झारखंड में मानसून के लौटने के संकेत मिल रहे हैं। अगले 3-4 दिनों में दक्षिणी-पश्चिमी मानसून के वापस होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 अक्टूबर तक राज्य में बारिश की संभावना नहीं है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
