देहरादून में बादल फटा: सहस्त्रधारा में तबाही, होटल बहे, दो लापता
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल सहस्त्रधारा के कारलीगाढ़ में रात को हुई मूसलाधार बारिश के कारण बादल फटने से भारी तबाही हुई है। स्थानीय लोगों की मानें तो इस आपदा में कई होटल और रिसोर्ट भी पानी के बहाव में बह गए हैं। अभी तक दो लोगों के लापता होने की सूचना है, जिनकी तलाश जारी है।
जिला प्रशासन द्वारा बचाव और राहत अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस घटना में कुछ दुकानें भी बह गईं, और दो व्यक्ति लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि देहरादून के एक मुख्य बाजार में बादल फटने के बाद भारी मात्रा में मलबा आ गया था, जिससे कई होटलों को गंभीर नुकसान पहुंचा और दो से तीन लोग लापता हो गए। एक बाजार में तो सात से आठ दुकानें पूरी तरह से तबाह हो गईं। बादल फटने की इस घटना के कारण लगभग 100 लोग फंस भी गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर ट्वीट कर जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “देहरादून के सहस्त्रधारा में देर रात हुई अतिवृष्टि से कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस सम्बन्ध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूँ और स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।”
वहीं, पूरे राज्य में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियाँ भी उफान पर हैं। देहरादून में भारी बारिश से तमसा नदी भी तेज बहाव के साथ बह रही है, जिससे टपकेश्वर महादेव मंदिर जलमग्न हो गया है। मंदिर परिसर में 1-2 फीट तक मलबा जमा हो गया है और मंदिर को काफी नुकसान पहुंचा है।
एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “सुबह करीब 4:45 बजे पानी गुफा में घुस आया, बाद में जब जलस्तर बढ़ने लगा तो यह 10-12 फीट तक बढ़ गया। पानी ‘शिवलिंग’ के ऊपर तक पहुंच गया, किसी तरह हमने रास्ता बनाया और रस्सी की मदद से ऊपर आ गए।”
उधर, ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी आज सुबह से ही उफान पर है, और इसका पानी हाईवे तक पहुँच गया है। एसडीआरएफ की टीम ने नदी में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया है, जबकि कई वाहन अभी भी पानी में फंसे हुए हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
