जयपुर. नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से प्रदेश भर में आयोजित होने वाले नसबंदी शिविरों में मेडिकल प्रोटोकॉल, सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करने की मांग की है. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस संबंध में काफी बातें की हैं.
आरएलपी प्रमुख बेनीवाल ने एक्स के माध्यम से बताया कि फलोदी जिला अस्पताल में आयोजित नसबंदी शिविर के दौरान नसबंदी ऑपरेशन करवाने के बाद वहां से बीकानेर रैफर करने पर इलाज के दौरान महिला संजू सोनी की मौत हो गई. नसबंदी ऑपरेशन के दौरान लापरवाही और मेडिकल प्रोटोकॉल की अनदेखी के कारण उक्त महिला की मौत हो गयी. यह घटना नसबंदी शिविरों में सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन पर गंभीर सवाल उठाती है।
बेनीवाल ने कहा कि नसबंदी ऑपरेशन के दौरान खासकर ग्रामीण अस्पतालों में ज्यादातर जगहों पर मेडिकल प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जाता है. मैंने मामले को लेकर बीकानेर जिला कलेक्टर, रेंज आईजी बीकानेर और जिला पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बात की है और उनसे पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने और बीकानेर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना दे रहे मृतक महिला के परिजनों की मांगों का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र समाधान कराने को कहा है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.
नसबंदी शिविरों में मेडिकल प्रोटोकॉल, सुरक्षा मानकों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाए
बेनीवाल ने कहा कि मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मांग करता हूं कि प्रदेश भर में आयोजित होने वाले नसबंदी शिविरों में मेडिकल प्रोटोकॉल, सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाए. ऐसे सभी मामले जहां प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया या लापरवाही के कारण महिलाओं की मृत्यु हुई, उन सभी मामलों की जांच की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
PC:ianslive
अपडेटेड खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
