सफर करने वालों के लिए एक बड़ी और दिलचस्प खबर सामने आई है! अक्टूबर के महीने में देश के नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर टोल कलेक्शन ने कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस महीने टोल से होने वाली कमाई ने 6,640 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है, जो अब तक के इतिहास में किसी एक महीने में सबसे ज्यादा है।
खास बात यह है कि टोल कलेक्शन में आई यह शानदार तेजी देश भर के राजमार्गों पर मजबूत होती आर्थिक गतिविधियों और सड़कों पर दौड़ते वाहनों की संख्या में हुई भारी बढ़ोतरी की गवाही दे रही है।
पिछले साल के मुकाबले 16% अधिक टोल कलेक्शन
एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगर अक्टूबर 2026 के टोल कलेक्शन की तुलना पिछले साल यानी अक्टूबर 2025 से करें, तो इस बार कमाई में 16 फीसदी से ज्यादा का जबरदस्त उछाल आया है। आपको बता दें कि अक्टूबर 2025 में करीब 5,715 करोड़ रुपये का टोल वसूला गया था।
इससे पहले, इस साल मई के महीने में सबसे ज्यादा 6,185 करोड़ रुपये का टोल कलेक्शन दर्ज किया गया था। वहीं, सड़क परिवहन अधिकारियों का मानना है कि मौजूदा रुझानों को देखते हुए इस पूरे साल का कुल टोल कलेक्शन करीब 74,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
UPI पेमेंट से जुड़े 100 करोड़ रुपये
सिर्फ टोल की कमाई ही नहीं बढ़ी, बल्कि भुगतान करने के तौर-तरीकों में भी क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिला है। आंकड़ों पर नजर डालें तो:
– जहां अक्टूबर 2025 में सिर्फ नकद (कैश) के जरिए 84 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ था, वहीं अक्टूबर 2026 में यह लुढ़ककर महज 4 करोड़ रुपये पर आ गया है।
– दूसरीतर्फ, इस साल अक्टूबर में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए लगभग 100 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि ठीक एक साल पहले अक्टूबर 2025 में इस माध्यम से एक रुपये का भी लेन-देन नहीं हुआ था।
ऑनलाइन पेमेंट पर सरकार का पूरा जोर
आज राजमार्गों पर कैश से लेन-देन में भारी गिरावट साफ तौर पर देखी जा सकती है। यह सब सरकार के उन कड़े निर्देशों का असर है, जिसके तहत टोल चुकाने के लिए कैश की जगह फास्टैग (FASTTag) या UPI के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन के बढ़ते चलन ने टोल प्लाजा पर कैश की जरूरत को लगभग न के बराबर कर दिया है। UPI भुगतानों में आया यह उछाल इस बात का सबूत है कि अब सफर करने वाले लोग तेजी से डिजिटल विकल्पों को अपना रहे हैं।
टोल पेमेंट से कैश को पूरी तरह खत्म करने की मुहिम पर बात करते हुए एक अधिकारी ने कहा, ‘नकद लेन-देन के खत्म होने से अब किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं बचेगी। इसके अलावा, राहत की बात यह है कि अब ज्यादा से ज्यादा लोग फास्टैग एनुअल पास (वार्षिक पास) भी खरीद रहे हैं, जो कि एक बेहद सकारात्मक संकेत है।’
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
