INTERNATIONAL NEWS(Aware media): रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में बड़ी खबर सामने आई है। लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने यह कार्रवाई की है। हैरी बॉक्सर ने ही रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी।
हैरी बॉक्सर का नाम लंबे समय से लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। उस पर हत्या, धमकी देने और कारोबारियों से रंगदारी मांगने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं। अब अमेरिका में हिरासत में लिए जाने के बाद भारतीय एजेंसियों के लिए भी यह एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
मामला उस समय ज्यादा चर्चा में आया था जब फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग हुई थी। इस घटना के बाद हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। इतना ही नहीं उसने ऑडियो संदेश के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को भी धमकी दी थी। इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
जांच एजेंसियों को शक था कि विदेश में बैठकर गैंग के लोग भारत में अपने नेटवर्क के जरिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी को गैंग के नेटवर्क के खिलाफ अहम कदम माना जा रहा है।
फिलहाल अमेरिका में हिरासत की कार्रवाई के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर जानकारी सामने आना बाकी है। भारतीय एजेंसियां इस मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं। अब देखना होगा कि हैरी बॉक्सर को भारत लाने और उससे पूछताछ करने को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


