
MI vs DC: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स का विजय रथ जारी है। अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए लगातार दूसरी जीत का स्वाद चखा। इस जीत के सबसे बड़े सूत्रधार एक बार फिर समीर रिजवी रहे। पिछले मैच में 70 रनों की पारी खेलने वाले रिजवी ने इस बार तो मुंबई के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। उन्होंने 90 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर महफिल लूट ली। दिल्ली ने 163 रनों के लक्ष्य को महज 18.1 ओवर में ही हासिल कर लिया, जबकि मुंबई के नामी गेंदबाज पूरे मैच में केवल 4 विकेट ही निकाल सके।
शुरुआती झटके के बाद रिजवी का ‘समीर’ तूफान
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में स्टार बल्लेबाज केएल राहुल महज 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नीतीश राणा भी बिना खाता खोले आउट हो गए, जिससे दिल्ली दबाव में नजर आ रही थी। लेकिन दूसरे छोर पर सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका निडर होकर डटे रहे। निसांका ने 30 गेंदों में 44 रनों (4 चौके, 1 छक्का) की तेजतर्रार पारी खेली। असली धमाका तो समीर रिजवी ने किया, जिन्होंने 51 गेंदों का सामना करते हुए 7 गगनचुंबी छक्कों और 7 चौकों की मदद से 90 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।
Making it count AGAIN 👏
Sameer Rizvi with another match-winning knock 🔝
Catch his clutch innings ▶️ https://t.co/1gg8xysuFU#TATAIPL | #KhelBindaas | #DCvMI | @DelhiCapitals pic.twitter.com/jNywJTDRka
— IndianPremierLeague (@IPL) April 4, 2026
बेअसर रहा मुंबई का गेंदबाजी आक्रमण
मुंबई इंडियंस के गेंदबाज दिल्ली के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम रहे। हालांकि राहुल के जल्दी आउट होने से मुंबई को उम्मीद जगी थी, लेकिन दिल्ली ने जल्द ही मैच पर अपना शिकंजा कस लिया। अनुभवी डेविड मिलर ने भी अंत में सूझबूझ दिखाई और 18 गेंदों पर नाबाद 21 रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी की। मुंबई की तरफ से जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, मिचेल सेंटनर और कॉर्बिन बॉश ने एक-एक विकेट लिया, लेकिन वे रनों की रफ्तार रोकने में विफल रहे।
बल्लेबाजी में भी नहीं दिखा मुंबई का दम
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवरों में केवल 162 रन ही बना सकी। नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या की तबीयत खराब होने के कारण कप्तानी का जिम्मा सूर्यकुमार यादव संभाल रहे थे। रोहित शर्मा (35 रन) और रायन रिकेल्टन ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन मुकेश कुमार ने एक ही ओवर में रिकेल्टन और तिलक वर्मा को आउट कर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया। रोहित और सूर्या के बीच 40 गेंदों में 53 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन इसके बाद पारी लड़खड़ा गई।
अक्षर पटेल की कप्तानी और गेंदबाजों का जलवा
दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने न केवल बेहतरीन कप्तानी की बल्कि 10वें ओवर में रोहित शर्मा का महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाया। नमन धीर ने 28 रनों की पारी खेली, लेकिन नटराजन ने उन्हें आउट कर मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। अंत में मिचेल सेंटनर (18*) और कॉर्बिन बॉश (11*) की पारियों की बदौलत मुंबई 162 के स्कोर तक पहुंच पाई। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल, टी नटराजन, लुंगी एनगिडी और निगम को एक-एक सफलता मिली।
ये भी पढ़ें…
DC के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे हार्दिक पाड्या, सूर्या को दी गई MI की कप्तानी
DC के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे हार्दिक पाड्या, सूर्या को दी गई MI की कप्तानी
The post दिल्ली ने मुंबई को 6 विकेट से हराया, लगातार दूसरी जीत; समीर रिजवी बने हीरो appeared first on Aware Media.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
