
Weather Forecast : देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा प्रेस रिलीज के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत से लेकर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक बारिश और आंधी का दौर शुरू होने वाला है. असम में 16 मार्च को ‘भारी से बहुत भारी’ बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि 15 मार्च को भी राज्य के कई हिस्सों में बादल बरसेंगे. इसके साथ ही उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल (दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी क्षेत्र) में 16 मार्च को और अरुणाचल प्रदेश में 15-16 मार्च के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 15, 16, 18 और 19 मार्च को गरज-चमक के साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश में भी 15 से 19 मार्च तक मौसम का यही कड़ा रुख देखने को मिलेगा. उत्तराखंड में 15-16 और 18-19 मार्च को तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं. मैदानी इलाकों में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 15 से 19 मार्च के बीच हल्की बारिश की संभावना है, वहीं उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को मौसम करवट ले सकता है.
दिल्ली में गिरेगा पारा, छाएंगे बादल
राजधानी दिल्ली में 15 मार्च को हल्की बारिश की संभावना है, जिससे मौसम खुशनुमा बना रहेगा. मौसम केंद्र दिल्ली के मुताबिक, रविवार को न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. राहत की बात यह है कि आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी.
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) March 14, 2026
झारखंड के 20 जिलों में ‘येलो अलर्ट’
झारखंड में रांची सहित करीब 20 जिलों में 15 मार्च से मौसम बदलने वाला है. रांची मौसम केंद्र ने 15 से 18 मार्च तक के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. इस दौरान आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और हल्की बारिश की भी संभावना है. अलर्ट वाले जिलों में रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिम और पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज शामिल हैं.
बिहार में भी आसमानी आफत का अलर्ट
बिहार के कई जिलों में 15 से 18 मार्च तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा. 15 मार्च को विशेष रूप से पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, सिवान, सारण, वैशाली, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में तेज बारिश की संभावना जताई गई है.
यह भी पढ़ें : दिल्ली में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना, येलो अलर्ट जारी
राजस्थान मौसम अपडेट 14 मार्च pic.twitter.com/rYyQta5Geg
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) March 14, 2026
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर
राजस्थान में भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. 15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग, शेखावाटी, गंगानगर और हनुमानगढ़ में हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 19-21 मार्च के दौरान एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से फिर से आंधी-बारिश का दौर शुरू हो सकता है. राहत की बात यह है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहने का अनुमान है.
पूरा प्रेस रिलीज देखने के लिए यहां क्लिक करें
The post मौसम: बिहार-झारखंड के अलावा इन राज्यों में होगी बारिश, आया IMD का अलर्ट appeared first on Aware Media.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
