Karnal News (Aware media): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर एक बार फिर जोरदार हमला बोला है। हरियाणा के करनाल में लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा के दौरान अमित शाह ने घुसपैठियों और वोटर लिस्ट में नाम हटाने के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि घुसपैठियों के लिए जितनी छाती पीटनी है पीट लो लेकिन बीजेपी उन्हें देश से बाहर निकालने के अपने फैसले से पीछे नहीं हटेगी।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस आरोप लगा रही है कि वोटर लिस्ट से करीब 13 करोड़ लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। लेकिन कांग्रेस को यह भी समझना चाहिए कि वोटर लिस्ट से नाम हटाने की वजह क्या है। शाह के मुताबिक इसमें ऐसे लोगों के नाम भी शामिल हैं जिनकी मौत हो चुकी है या जो अपना घर छोड़कर दूसरे राज्यों में चले गए हैं। कई ऐसे नाम भी हैं जो एक से ज्यादा जगह दर्ज हैं।
गृह मंत्री ने दावा किया कि करीब तीन करोड़ ऐसे लोग हैं जो चुनाव आयोग के सामने नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये घुसपैठिए हैं और कांग्रेस ने इनके नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाए हैं। हालांकि ये सभी अमित शाह के अपने आरोप और दावे हैं।
राहुल गांधी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चर्चा की चुनौती दिए जाने पर भी शाह ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री को पत्र लिखें। सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है और वहां इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा कराई जाएगी।
अमित शाह ने संसद में विपक्ष के हंगामे को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संसद चर्चा करने की सबसे बड़ी जगह है लेकिन विपक्ष वहां कामकाज नहीं होने देता और फिर सड़कों पर प्रदर्शन करता है।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्मृति ईरानी भी मौजूद रहीं। बीजेपी का यह अभियान 22 अक्टूबर से शुरू हुआ था और 5 नवंबर को करनाल में इसका समापन हुआ।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
