
वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला, जहाँ तिलक वर्मा नाम का तूफान उठा। पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था, जिसे मुंबई ने तिलक की आतिशी पारी के दम पर 19.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। तिलक ने महज 33 गेंदों पर 6 गगनचुंबी छक्कों और 6 चौकों की मदद से 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। उनके इस विस्फोटक प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।
दबाव में ‘कैप्टन कूल’ जैसा मिजाज
मैच के बाद जब तिलक वर्मा से पूछा गया कि क्या टीम के लिए मैच फिनिश करना अब उनकी फितरत बनती जा रही है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें खेल को अंत तक ले जाना बेहद पसंद है। तिलक ने खुलासा किया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और विश्व कप जैसे बड़े मंचों पर खेलने के अनुभव ने उन्हें दबाव की स्थितियों में शांत रहने का आत्मविश्वास दिया है। उन्होंने बताया कि पिच उम्मीद से कहीं अधिक धीमी खेल रही थी, जिससे शॉट खेलना आसान नहीं था। यही वजह थी कि शुरुआत में पंजाब के बल्लेबाज भी संघर्ष करते दिखे, लेकिन बाद में अजमतुल्लाह उमरजई और विष्णु बिनोद की तेज पारियों ने स्कोर को 200 तक पहुँचा दिया।
जब ‘यूजी भाई’ के ओवर ने बदली मैच की तस्वीर
अपनी रणनीति का खुलासा करते हुए तिलक ने बताया कि मुंबई इंडियंस का प्लान मैच को आखिरी ओवरों तक ले जाने का था। उन्होंने कहा, “मुझे अपनी काबिलियत पर पूरा भरोसा था। मैं बस बुनियादी बल्लेबाजी पर ध्यान दे रहा था और सही मौके का इंतजार कर रहा था।” युजवेंद्र चहल के ओवर में की गई आक्रामक बल्लेबाजी पर तिलक ने मजेदार किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि टाइमआउट के दौरान उन्होंने कोच से कहा था कि अगर एक बड़ा ओवर मिल जाए, तो मैच पूरी तरह मुंबई की तरफ झुक जाएगा और ‘यूजी भाई’ ने वही ओवर दे दिया। तिलक ने अपनी जीत में साथी बल्लेबाज विल जैक्स की भी जमकर तारीफ की और उनकी पारी को मैच का असली टर्निंग पॉइंट बताया।
(इनपुट : अरकम अब्दुल मन्नान)
ये भी पढ़ें : IPL Points Table: पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं हार, प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल; देखें ताजा अंक तालिका
The post प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद तिलक वर्मा कहा-मुझे मैच फिनिश करना पसंद है appeared first on Aware Media.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
