इजराइल-लेबनान युद्ध: क्या परमाणु धमाके जैसे विस्फोट से दहलने वाली है दुनिया?
इजराइल और लेबनान के बीच का तनाव अब उस मुहाने पर पहुँच गया है जहाँ तबाही की गूँज साफ सुनाई दे रही है। एक तरफ अमेरिका और ईरान के बीच जवाबी कार्रवाई और फिर युद्धविराम की लुका-छिपी चल रही है, तो दूसरी तरफ रक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह रुक-रुक कर उठने वाली चिंगारियां जल्द ही एक विनाशकारी ज्वालामुखी का रूप लेने वाली हैं। इसी बीच, दक्षिणी लेबनान में इजराइल ने एक ऐसा भीषण हमला किया जिसे देखकर पूरी दुनिया सन्न रह गई। यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि सोशल मीडिया पर लोगों ने इसकी तुलना ‘परमाणु धमाके’ से कर दी। अब हिजबुल्ला ने प्रतिशोध की अग्नि में जलते हुए इजराइल को मिटाने की कसम खाई है और दुनिया से दो टूक कहा है कि जब पलटवार हो, तो उसे किसी और नजरिए से न देखा जाए।
इसे भी पढ़ें: आसिम मुनीर को…पाकिस्तान के हमले के बाद तालिबान का बदला शुरू
दक्षिणी लेबनान की धरती एक बार फिर इजराइल और हिजबुल्ला के खूनी संघर्ष का केंद्र बन गई है। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, इजरायली सेना ने हिजबुल्ला के एक संदिग्ध और बेहद सुरक्षित भूमिगत सैन्य ठिकाने को अपना निशाना बनाया। इस हमले के बाद जो मंजर दिखा, उसने रोंगटे खड़े कर दिए। वायरल वीडियो में उठते धुएं और आग के गुबार ने किसी परमाणु हमले जैसा अहसास कराया। बताया जा रहा है कि यह परिसर करीब 200 मीटर लंबा और 25 मीटर गहरा हथियारों का एक विशाल पाताल लोक था। इस हमले में न केवल भारी मात्रा में गोला-बारूद नष्ट हुआ, बल्कि कई भूमिगत लॉन्च शाफ्ट भी मलबे में तब्दील हो गए। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसके झटके मिलों दूर तक महसूस किए गए और इसकी गूँज इजराइल की सीमाओं के भीतर तक सुनाई दी।
इसे भी पढ़ें: Pakistan सरकार का बड़ा फैसला! 10 जुलाई से अवैध अफगान नागरिकों की गिरफ्तारी के आदेश, गृह मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना
इस प्रलयंकारी हमले के बाद हिजबुल्ला का गुस्सा सातवें आसमान पर है। संगठन ने इजराइल पर युद्धविराम के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाते हुए बदले का संकल्प लिया है। हिजबुल्ला ने स्पष्ट किया है कि वह इजराइल की हर हरकत का हिसाब रख रहा है और आत्मरक्षा के नाम पर ऐसा करारा जवाब देगा, जो पहले कभी नहीं देखा गया। यह घटनाक्रम ऐसे नाजुक समय में सामने आया है जब एक ओर अमेरिका और ईरान तनाव घटाने की मेज पर हैं, तो दूसरी ओर जमीन पर मिसाइलें बरस रही हैं।
तेहरान ने भी कड़े संकेत दिए हैं कि यदि लेबनान में इजरायली सैन्य अभियान नहीं थमा, तो वे किसी भी शांति समझौते को ठुकरा कर सीधे इजराइल पर हमला करने से पीछे नहीं हटेंगे। इजराइल का दावा है कि उसके ये हमले हिजबुल्ला की कमर तोड़ने और उसके सैन्य ढांचे को खत्म करने के लिए जरूरी हैं। वहीं, हिजबुल्ला इसे युद्ध के नियमों का उल्लंघन मान रहा है। साफ है कि शांति की कोशिशें फिलहाल बारूद के ढेर पर टिकी हैं और एक छोटी सी चूक महायुद्ध की शुरुआत कर सकती है।
Hindi me international news के लिए जुड़ें प्रभासाक्षी से
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


