Pakistan Accident News: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार को पाकपट्टन के पास देपालपुर रोड पर एक तेज रफ्तार पैसेंजर बस और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें मौके पर ही 11 बेकसूर लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य बुरी तरह घायल हो गए।
रेस्क्यू 1122 ने की पुष्टि
इस भीषण हादसे की पुष्टि करते हुए रेस्क्यू 1122 ने बताया कि इस दुर्घटना ने 11 जिंदगियों को निगल लिया। विभाग के मुताबिक, 8 लोगों को मामूली चोटें आईं हैं, जबकि 25 गंभीर घायलों को तुरंत पाकपट्टन के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बदनसीब बस मुल्तान से कसूर की तरफ जा रही थी, तभी रास्ते में उल्टी दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने इसे टक्कर मार दी। हादसा इतना खौफनाक था कि राहत और बचाव टीमों को मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पूरे 3 घंटे तक क्रेन और भारी मशीनों का इस्तेमाल करना पड़ा.
पंजाब में सड़क हादसों का डरावना आंकड़ा
यह दर्दनाक घटना पाकिस्तान की सड़कों पर सुरक्षा के दावों की पोल खोल कर रख देती है। सरकारी आंकड़ों पर नजर डालें तो स्थिति बेहद डरावनी है; अकेले अक्टूबर महीने में पंजाब प्रांत के अंदर 44,797 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिनमें 464 लोगों की सांसें थम गईं और 23,543 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से लगभग 75% हादसे केवल मोटरसाइकिलों से जुड़े हुए थे। रेस्क्यू 1122 की मासिक समीक्षा बैठक में यह भी साझा किया गया कि अक्टूबर के दौरान विभाग ने कुल 2,31,056 इमरजेंसी कॉल्स पर तुरंत कार्रवाई की और 2,33,210 लोगों कीमती जानें बचाईं। अगर जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो सबसे ज्यादा 7,874 हादसे अकेले लाहौर में हुए, जबकि इसके बाद मुल्तान में 2,838, फैसलाबाद में 2,615, गुजरांवाला में 2,092 और शेखूपुरा में 1,714 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


